अभय समर्थकों ने सदाकत आश्रम के मैदान में धरना पर बैठ कर डॉ अशोक चौधरी के खिलाफ जम कर नारेबाजी की. नारेबाजी के दौरान प्रदेश नेतृत्व के समर्थकों व विरोधियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. धरने में शामिल लोगों की पिटाई की गयी. बीच-बचाव के बाद में किसी तरह की अनहोनी की आशंका को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया. सदाकत आश्रम पुलिस छावनी में तब्दील था.
विरोधियों ने आरोप लगाया कि बेगूसराय जिला कांग्रेस का अध्यक्ष उसे बनाया गया है, जिसने दूसरे दल के लिए हमेशा काम किया है. विरोधियों ने एकजुट होकर प्रदेश नेतृत्व डॉ अशोक चौधरी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व बिहार प्रभारी सीपी जोशी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हटाने की मांग की. इसे लेकर विरोधी गुट होली के बाद दिल्ली जाकर पार्टी हाइकमान से मिल कर अपनी बात रखेगा. नयी कमेटी गठन के बाद पदाधिकारियों की फरमाइश पर कांग्रेस मुख्यालय में पहली बार होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ. प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डा. अशोक चौधरी ने नेताओं व कार्यकर्ताओं को अबीर लगा कर होली की शुभकामना दी.
समारोह में भोजपुरी कलाकार अमित पराशर, महुआ चैनल के पाश्र्व गायक अमर आनंद व कुमारी माही ने होली गीत गाकर दर्शकों का मनोरंजन किया. इस मौके पर विधान पार्षद डा. मदन मोहन झा व रामचंद्र भारती, डा. हरखु झा, विजय शंकर मिश्र, एच.के.वर्मा, सुमन कुमार मल्लिक, विनोद सिंह यादव, शकीलुररहमान, जया मिश्र, प्रो. अंबुज किशोर झा, राजेश राठौड़, डा. विनोद शर्मा, नवेन्दु झा, शरीफ अहमद रंगरेज, रंजीत झा, राज कुमार राजन आदि शामिल हुए. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रो उमाकांत सिंह, इरशाद हुसैन ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में कभी इस तरह का संस्कृति देखने को नहीं मिला. लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है.