बिहटा, आईआईटी और नेउरा क्षेत्र में सुरक्षा का नया घेरा, तीन नए पुलिस पिकेट स्थापित

Author Monu kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Patna Police pickets: पटना पुलिस ने बिहटा, आईआईटी अमहरा और नेउरा थाना क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी है. अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तीन नए पुलिस पिकेट (ओपी) स्थापित किए गए हैं, जहां सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है. यह पहल स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षा का नया आश्वासन लेकर आई है.

विज्ञापन

Patna Police pickets: बिहटा, आईआईटी अमहरा और नेउरा थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के आदेश पर क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में तीन नए पुलिस पिकेट (ओपी) स्थापित किए गए हैं. इन पिकेटों पर पुलिस अधिकारियों के साथ सशस्त्र जवानों की तैनाती कर दी गई है, ताकि अपराध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

विज्ञापन

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थानों और व्यस्त बाजारों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है. इसका उद्देश्य हत्या, लूट, छिनतई, वाहन चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, लगातार गश्ती बढ़ाना तथा अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है.

तीन पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

नई व्यवस्था के तहत चीनी मिल बिहटा ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, कन्हौली बाजार ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार तथा लई चौक ओपी में पुलिस अवर निरीक्षक आयुष ए को प्रभारी बनाया गया है. तीनों अधिकारियों को तत्काल योगदान देकर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन पिकेटों के सक्रिय होने से किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम काफी कम होगा. इसके अलावा प्रमुख मार्गों और बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी.

अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी विशेष निगरानी

पटना पुलिस की ओर से जेल से छूटे अपराधियों और सक्रिय बदमाशों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की गई है. पुलिस गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके.

औद्योगिक और शैक्षणिक महत्व वाले इन इलाकों में पुलिस की बढ़ी हुई मौजूदगी से स्थानीय लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा.

स्थानीय लोगों ने फैसले का किया स्वागत

स्थानीय लोगों का मानना है कि चीनी मिल, कन्हौली बाजार और लई चौक जैसे व्यस्त इलाकों में पुलिस की स्थायी मौजूदगी से अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का एहसास भी बढ़ेगा. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आपराधिक घटनाओं में कमी आने की संभावना है. पटना पुलिस का मानना है कि यह नई व्यवस्था अपराध की रोकथाम के साथ-साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

चीनी मिल रोड पुलिस चौकी को लेकर लोगों में खुशी

वर्ष 2018 में शुरू होकर कुछ ही दिनों बाद बंद हुई चीनी मिल रोड पुलिस चौकी को दोबारा शुरू करने की पहल से स्थानीय व्यवसायियों में खुशी है. व्यवसायी राजीव भारती और संजीव भारती सहित कई कारोबारियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए पटना एसएसपी एवं बिहार सरकार को बधाई दी. उनका कहना है कि चौकी के संचालन से क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत होगी और व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी राहत मिलेगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन