ePaper

पटना : बरौनी डेयरी के एजेंट से तीन लाख की लूट

Updated at : 07 Jan 2020 9:24 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : बरौनी डेयरी के एजेंट से तीन लाख की लूट

एनी बेसेंट रोड की घटना : लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने की फायरिंग पटना : राजधानी में दूसरे दिन भी दिनदहाड़े लूट की घटना ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. सोमवार को पीरबहोर थाने के एनी बेसेंट रोड में सांईं दृष्टि गर्ल्स हॉस्टल के सामने बाइक सवार दो अपराधियों […]

विज्ञापन
एनी बेसेंट रोड की घटना : लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने की फायरिंग
पटना : राजधानी में दूसरे दिन भी दिनदहाड़े लूट की घटना ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. सोमवार को पीरबहोर थाने के एनी बेसेंट रोड में सांईं दृष्टि गर्ल्स हॉस्टल के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने 1:30 बजे बरौनी डेयरी के कलेक्शन एजेंट अभिषेक कुमार से तीन लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया. इस दौरान अभिषेक ने बदमाशों को खदेड़ कर पकड़ने की कोशिश की, तो बाइक के पीछे बैठे अपराधी ने गोली चला दी, जो उसके हेलमेट को छूते हुए निकल गयी. इस फायरिंग में अभिषेक के साथ-साथ चाय बेच रही महिला दुकानदार बाल-बाल बचे.
दो राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद लुटेरे अशोक राजपथ की ओर निकल गये. घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी मध्य, टाउन डीएसपी व पीरबहोर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. हालांकि, सड़क पर खोखा नहीं मिला. वहीं, वारदात की सारी तस्वीर गर्ल्स हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. पुलिस ने कैमरे से अपराधियों की तस्वीर निकाल ली है और पहचान कर रही है. अभिषेक दूध बूथों से कलेक्शन का काम करता है. सिटी एसपी मध्य विनय तिवारी ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने को विशेष टीम का गठन किया गया है.
हेलमेट को छूती हुई निकली गोली, बाल-बाल बचा
रमना रोड से कलेक्शन कर लौट रहा था अभिषेक
अभिषेक बाइक से पहाड़ी से कलेक्शन करते हुए रमना रोड पहुंचा. जहां से कलेक्शन कर वह एनी बेसेंट रोड पहुंचा. एनी बेसेंट रोड में अपराधियों ने अभिषेक को रोकने का प्रयास किया और उसके गले से बैग को उतारने की कोशिश की. लेकिन, खुद बाइक लेकर गिर गये. इसी बीच एक युवक ने उन्हें उठाने का प्रयास किया. लेकिन, इसी बीच बाइक सवार एक अपराधी ने अभिषेक पर पिस्तौल तान दी और बैग छीन लिया. पिस्तौल को देख कर मदद करने वाला पीछे हट गया.
एक मिनट पहले गुजरे थे क्विक मोबाइल के जवान
जिस जगह पर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया, उसके एक मिनट पहले ही पीरबहोर थाने के क्विक मोबाइल के जवान गश्ती करते हुए गुजरे थे. उन लोगों के तुरंत जाने के बाद ही घटना हो गयी. जिस बाइक से इस घटना को अंजाम दिया गया है, उसके नंबर प्लेट में रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था. यह सवाल उठा है कि बिना नंबर के बाइक की चेकिंग पटना पुलिस क्यों नहीं करती है.
24 घंटे के अंदर टाउन डीएसपी के इलाके में दूसरी लूट
टाउन डीएसपी के इलाके में 24 घंटे के अंदर दूसरी लूट है. रविवार को दिनदहाड़े दो अपराधियों ने स्टेशनरी कारोबारी किशन अग्रवाल के कैशियर अशोक कुमार से करीब साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिये थे. पुलिस आशंका जता रही है कि एनी बेसेंट रोड में हुए लूट की घटना में भी उसी गिरोह का हाथ है.
एनी बेसेंट रोड का पुलिस पोस्ट वर्षों से बंद
पटना . एनी बेसेंट रोड चौराहे पर पुलिस पोस्ट बना हुआ है. यह पोस्ट घटनास्थल से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित है. लेकिन, कई सालों से बंद है. पोस्ट के अंदर टूटी हुई कुर्सियां व अन्य सामान पड़े हुए हैं. इस ओर किसी का ध्यान नहीं है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन