पत्नी सोनम ने कहा, डीएम के दबाव में था बीडीओ राजीव, सरकार कराये निष्पक्ष जांच

Updated at : 02 Nov 2019 6:41 AM (IST)
विज्ञापन
पत्नी सोनम ने कहा, डीएम के दबाव में था बीडीओ राजीव, सरकार कराये निष्पक्ष जांच

राजीव कहता था ये लोग हमको फंसा देंगे, हम नहीं बचेंगे : सोनम मुंगेर : गया जिले के कोंच प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ राजीव रंजन की पत्नी सोनम अपने पति की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है. साथ ही गया के डीएम पर आरोप लगाते हुए कह रही कि राजीव डीएम साहब […]

विज्ञापन
राजीव कहता था ये लोग हमको फंसा देंगे, हम नहीं बचेंगे : सोनम
मुंगेर : गया जिले के कोंच प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ राजीव रंजन की पत्नी सोनम अपने पति की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है. साथ ही गया के डीएम पर आरोप लगाते हुए कह रही कि राजीव डीएम साहब के दबाव में थे.
दीपावली के बाद राजीव ने उनसे कहा था कि ये लोग हमको फंसा देंगे, हम नहीं बचेंगे. डीएम ने एक मीटिंग के दौरान भी राजीव को बोला था कि तुम्हारे पहले जो बीडीओ वहां था वह भी पिटाया था और तुम भी पिटाओगे. राजीव की पत्नी सोनम शुक्रवार को खुलकर गया जिला प्रशासन के विरुद्ध सामने आयी और मीडिया से मुखातिब होते हुए कई गंभीर आरोप लगाये.
सोनम मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआइजी मनु महाराज से मिलकर राजीव की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. साथ ही वह अनुरोध कर रही थी कि पुलिस उसके पति के जिस सुसाइड नोट की बात कर रही है उसे दिखाया जाये. वह देखना चाहती है कि वह राजीव द्वारा लिखा गया नोट है या नहीं. डीआइजी के पास पहुंची सोनम अपने पति के शव की कुछ तस्वीर लेकर आयी थी, जिसमें राजीव के पीठ पर ऐसे जख्म के निशान थे जैसे उसके पीठ पर किसी लोहे के रॉड या लाठी से वार किया गया हो.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर सबूत बटोरे
गया. कोंच बीडीओ राजीव कुमार रंजन की मौत के तीसरे दिन शुक्रवार को एफएसएल की टीम यहां जांच के लिए पहुंची. टीम के सदस्य के साथ सिटी डीएसपी राजकुमार साह व रामपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार आदि मौजूद थे.
टीम के सदस्य सबसे पहले रामपुर थाना पहुंचे व केस के बारे में जानकारी हासिल की. इसके बाद घटनास्थल एपी कॉलोनी स्थित राम इकबाल सिंह वैभव अपार्टमेंट पहुंच कर जानकारी ली. टीम के सदस्यों ने छत की ऊंचाई, गिरनेवाले स्थल, दीवार में लगे कुछ खून जैसे निशान के सेंपल भी लिये.
बासा ने डीएम व डीडीसी पर लग रहे आरोप का किया खंडन
पटना : गया के कोच बीडीओ की आत्महत्या के मामले में बासा (बिहार प्रशासनिक सेवा संघ) ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए डीएम और डीडीसी का बचाव किया है.
बासा के अध्यक्ष और महासचिव की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि आत्महत्या करने वाले बीडीओ के परिवार के प्रति उनकी पूरी सहानुभूति है. परंतु, वहां के कुछ बीडीओ और सीओ बिना किसी ठोस कारण के डीएम और डीडीसी पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं. यह पूरी तरह से गलत है. जब बीडीओ ने सुसाइड नोट में ही अपनी मौत का स्पष्ट कारण बताया है, तो ऐसे में किसी पर बिना आधार के आरोप लगाना गलत है. बासा ने राज्य सरकार से इस मामले में गहन तहकीकात कराने की मांग की है, ताकि इसका स्पष्ट कारण सामने आ सके.
बीडीओ की मौत के लिए प्रशासन जिम्मेदार : मांझी
गया : कोंच बीडीओ राजीव कुमार रंजन की मौत के लिए पूरी तौर से प्रशासन जिम्मेदार है. सरकार को इस घटना की जांच का जिम्मा सीबीआइ को देनी चाहिए, ताकि इस मामले का खुलासा हो सके. उक्त बातें गोदावरी स्थित आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को कहीं.
उन्होंने कहा कि सरकार को यहां के वरीय अधिकारी पर भी नजर रखनी चाहिए कि वे अपने नीचे के अधिकारी के साथ कैसा व्यवहार करते हैं. यहां के वरीय अधिकारी की प्रताड़ना के कारण ही कोंच बीडीओ की जान गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन