ePaper

पटना : भारी मतों से अध्यक्ष पद पर जीते राकेश, संजय निर्विरोध सचिव

Updated at : 30 Sep 2019 9:23 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : भारी मतों से अध्यक्ष पद पर जीते राकेश, संजय निर्विरोध सचिव

बीसीए चुनाव : नयी कमेटी में पहली बार सभी पदों पर नये चेहरे पटना : राकेश कुमार तिवारी बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के नये अध्यक्ष होंगे. राजधानी में रविवार को संपन्न बीसीए के चुनाव में इस बार सभी पदों पर नये चेहरे दिखेंगे. चुनाव में पिछली कमेटी में शामिल दो उम्मीदवारों की करारी हार का […]

विज्ञापन
बीसीए चुनाव : नयी कमेटी में पहली बार सभी पदों पर नये चेहरे
पटना : राकेश कुमार तिवारी बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के नये अध्यक्ष होंगे. राजधानी में रविवार को संपन्न बीसीए के चुनाव में इस बार सभी पदों पर नये चेहरे दिखेंगे. चुनाव में पिछली कमेटी में शामिल दो उम्मीदवारों की करारी हार का सामना करना पड़ा. अध्यक्ष पद समस्तीपुर के प्रवीण कुमार (पहले जिलों के प्रतिनिधि) को गोपालगंज के राकेश ने 13 मतों से हराया. राकेश को 23 मत मिले, वहीं प्रवीण को मात्र 10 मत से संतोष करना पड़ा.
वहीं अपने दूसरे कार्यकाल के लिए उपाध्यक्ष पद पर खड़े नवीन जमुआर को कैमूर के दिलीप सिंह परास्त किया. दिलीप को जहां 21 मत मिले, वहीं नवीन जमुआर को मात्र 10 वोट ही प्राप्त हुए. इसी पद पर खड़े पटना के ही प्रवीण कुमार प्राणवीर को 3 मत से संतोष करना पड़ा. वर्तमान सचिव रविशंकर प्रसाद सिंह को अयोग्य करार दिये जाने के बाद इस पद के‍ लिए एक मात्र बचे उम्मीदवार जहानाबाद के संजय कुमार निर्विरोध सचिव निर्वाचित हुए.
बीसीए की चुनाव अधिकारी मीरा पांडेय (पूर्व आइएएस और पूर्व राज्य चुनाव आयुक्त, पश्चिम बंगाल) ने कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव पूर्णत: लोढ़ा कमेटी के अनुशंसा के अनुसार कराया गया है.
विजेता उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र वितरण करने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा की मतदाता सूची का प्रकाशन पूर्व के चुनाव अधिकारी के द्वारा किया गया था. इसके बाद टाइपिंग दोष और कोर्ट के आदेश से सुधार के बाद अंतिम रूप से मतदाता सूची जारी की गयी. चुनाव की सभी प्रक्रिया लोढ़ा कमेटी के अनुशंसा के आलोक में पूर्ण किया गया है. मैं उम्मीद करती हूं कि सभी एकमंच पर आकर बिहार क्रिकेट को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे.
बीसीए सचिव संजय कुमार ने भरोसा दिया बिहार क्रिकेट को शीर्ष पर पहुंचाने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. चुनाव अधिकारी के अलावा पर्यवेक्षक कमेटी के चेयरमैन अलोक कुमार भी उपस्थित रहे. चुनाव की पूरी प्रक्रिया में पर्यवेक्षक अहि भूषण पांडेय, पूर्व संयुक्त चुनाव अधिकार, श्याम लाल सिकारिया, जेवियर लारेंस साह, विजय कुमार सिन्हा, चुनाव अधिकारी के कानूनी सलाहकार राहुल मिश्रा की अहम भूमिका रही.
परिणाम आने के बाद बीसीए के पूर्व सचिव रविशंकर प्रसाद सिंह ने बिहार क्रिकेट की कमान संभाल रहे नयी टीम को शुभकामनाएं दीं. नयी कमेटी को शुभकामनाएं देने वालों में संजीव कुमार मिश्र (चेयरमैन मीडिया कमेटी) संतोष झा, संयोजक मीडिया कमेटी सहित कई जिलों के अध्यक्ष, सचिव, राष्ट्रीय क्रिकेटर रूपक कुमार शामिल रहे.
चुनाव में तीन पदों पर हुई कांटे की लड़ाई
चुनाव में तीन संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि के पद पर कांटे की लड़ाई हुई. संयुक्त सचिव के पद पर भोजपुर के कुमार अरविंद ने 18 मत पाकर जीत हासिल की, जबकि गया के संजय कुमार को 15 मत मिले और उनका एक मत रद्द हुआ. कोषाध्यक्ष के पद पर शिवहर के आशुतोष नंदन सिंह कांटे की टक्कर में 17 मत पाकर विजयी हुए. पूर्वी चंपारण के ज्ञानेश्वर गौतम 16 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे. जिला प्रतिनिधि के पद पर जमुई के संजय कुमार 17 मत पाकर निर्वाचित हुए. वैशाली के परमेंद्र कुमार को 14 मत और दरभंगा प्रवीण बबलू को दो मत मिले.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन