एजेंडों पर होगी चर्चा, नियुक्त होंगे जत्थेदार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Sep 2019 7:23 AM

विज्ञापन

पटना सिटी : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी की बैठक सोमवार को तख्त साहिब में बुलायी गयी है. बैठक में शामिल होने के लिए प्रबंधक कमेटी के पदधारक व बाहरी सदस्य तख्त साहिब पहुंच गये है. बैठक में पंद्रह एजेंडों पर चर्चा होगी. बैठक के हंगामेदार होने के आसार हैं, क्योंकि प्रबंधक […]

विज्ञापन

पटना सिटी : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी की बैठक सोमवार को तख्त साहिब में बुलायी गयी है. बैठक में शामिल होने के लिए प्रबंधक कमेटी के पदधारक व बाहरी सदस्य तख्त साहिब पहुंच गये है.

बैठक में पंद्रह एजेंडों पर चर्चा होगी. बैठक के हंगामेदार होने के आसार हैं, क्योंकि प्रबंधक कमेटी की ओर से जत्थेदार की नियुक्ति का एलान बैठक में होना है. इसके साथ ही सेवादारों की ओर से लगातार दो दिनों से इस बात पर हंगामा किया जा रहा है कि दूसरे प्रांतों से आये लोगों की नियुक्ति कर यहां उन्हें अधिक वेतनमान दिया जा रहा है, जबकि सेवादारों को कम वेतन के साथ रिहाशइ की सुविधा भी नहीं दी जा रही है.
इधर, जत्थेदार की तख्त साहिब में हो रही नियुक्ति को लेकर संगतों में भी आक्रोश पनपने लगा है. इस मामले में कमेटी के अध्यक्ष अवतार सिंह हित व महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन ने बताया कि पटना साहिब में खाली पड़े जत्थेदार के पद पर विचार करने, दिसंबर माह में राजगीर स्थित शीतल कुंड गुरुद्वारा में मनाये जाने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 550 वें प्रकाश पर्व व श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 353 वें प्रकाश पर्व के लिए तैयारियों व बजट की स्वीकृति पर चर्चा होगी.
तख्त साहिब के संविधान व उप नियम में संशोधन पर विचार, मल्टी स्पेशियलिटी प्रकृति अस्पताल खोलने, उच्च शिक्षा व यूपीएसी, आइआइटी की तैयारियों के लिए सिख बच्चों के लिए केंद्र खोलने, सबकमेटी के कार्य पर विचार व आवश्यकता होने पर और कमेटी के गठन करने, तख्त साहिब के सभी विभागों को ऑटोमेंशन करने, सेवादारों के लिए सर्विस रुल लागू करने, निलंबित सेवादारों की सेवा वापस लेने व उम्र पार कर चुके सेवादारों को सेवानिवृत्त करने का मुद्दा भी बैठक के एजेंडे में है. बैठक में शामिल होने के लिए सदस्य वरीय उपाध्यक्ष डॉ गुरमीत सिंह,कनीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सदस्य गोबिंद सिंह लौंगोवाल, सुरेंद्र जीत सिंह रुमाला, लखविंदर सिंह आदि पहुंच गये हैं. कुछ सोमवार की सुबह तक आ जायेंगे.
दूसरे दिन भी सेवादारों ने महासचिव व सचिव को घेरा
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में कार्यरत सेवादारों की बैठक लगातार दूसरे दिन रविवार को भी तख्त साहिब में हुई. बैठक के सेवादारों ने मांगों का दायरा बढ़ाकर 19 सूत्री कर दिया. साथ नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया. गठित कमेटी में अध्यक्ष सरदार त्रिलोक सिंह निषाद के साथ सदस्यों में शेर सिंह, तेजिंदर सिंह बंटी, दया सिंह, जसवंत सिंह खालसा, सूरज सिंह, रोशन सिंह, दिलीप सिंह पटेल व महाकांत राय हैं.
इसके बाद सेवादारों का जत्था प्रबंधक कमेटी के महासचिव महेंद्रपाल सिंह ढिल्लन व सचिव महेंद्र सिंह छाबड़ा से मिलने पहुंचा. दोनों पदाधिकारियों का आक्रोशित सेवादारों ने घेराव कर दिया. हालांकि, बाद में महासचिव ने मीटिंग हाॅल में सेवादारों के साथ बैठक की और समस्याओं के समाधान की दिशा में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. सेवादारों ने स्पष्ट कर दिया कि वे अपनी मांगों की लड़ाई लड़ेंगे.
सेवादारों ने अपनी मांगों के ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रबंधक कमेटी के कस्टोडियन सह पटना के जिला व सत्र न्यायाधीश को भी सौंपने की बात कही. महासचिव व सचिव के साथ बैठक के उपरांत मांगों के ज्ञापन की प्रति अध्यक्ष अवतार सिंह हित,कनीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह,सदस्य लखविंदर सिंह व सुरिंदर सिंह रुमाले को भी सौंपी. बैठक में कन्हाई सिंह, बलराम सिंह, राजंदन सिंह, अवधेश सिंह, रामनुज सिंह, रामेश्वर राम, रीता कौर, सीता कौर, फूला देवी, शीला कौर, देविंदर सिंह, सतनाम सिंह, मदन सिंह, महेंद्र सिंह, राम सिंह, बाबू सिंह आदि शामिल थे.
पांच सदस्यीय कमेटी से हुआ है जत्थेदार का चयन
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में जत्थेदार के रिक्त पद पर भर्ती को लेकर पांच सदस्यीय कमेटी ने फैसला लिया है. हालांकि, इसमें दो दर्जन से अधिक दावेदारों के बीच चार लोगों को जत्थेदार के लिए चयनित किया गया है.
सोमवार को प्रस्तावित बैठक में इसकी मुहर लगेगी. प्रबंधक कमेटी के कनीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह व सदस्य सुरेंद्र जीत सिंह रुमाला ने बताया कि चार लोगों के नाम हैं. इनमें ज्ञानी रणजीत सिंह गौहर-ए-मस्कीन व सुरजीत सिंह शामिल हैं. इनके अलावा दो अन्य लोगों के नाम इन लोगों ने बताने से इनकार कर दिया. चर्चा है कि 2014 में अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी के तौर नियुक्ति की प्रक्रिया में शामिल ज्ञानी प्रताप सिंह व एक अन्य हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन