फुलवारीशरीफ : जुआरियों को पकड़ने गयी पुलिस से पब्लिक भिड़ी दारोगा ने चलायी गोली, एक की मौत, तीन घायल

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Nov 2018 8:17 AM

विज्ञापन

आक्रोशित लोगों ने दारोगा व एक अन्य सिपाही को पीट-पीट कर किया अधमरा पटना/फुलवारीशरीफ : पटना के बेऊर और परसा बाजार थाने की सीमा पर न्यू एतवारपुर में रविवार की देर रात जुआरियों को पकड़ने गयी पुलिस और स्थानीय लोगों में भिड़ंत हो गयी. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इस दौरान दारोगा […]

विज्ञापन
आक्रोशित लोगों ने दारोगा व एक अन्य सिपाही को पीट-पीट कर किया अधमरा
पटना/फुलवारीशरीफ : पटना के बेऊर और परसा बाजार थाने की सीमा पर न्यू एतवारपुर में रविवार की देर रात जुआरियों को पकड़ने गयी पुलिस और स्थानीय लोगों में भिड़ंत हो गयी. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इस दौरान दारोगा त्रिशूल पांडेय की सरकारी रिवॉल्वर छीनने का प्रयास भी किया गया. बचाव में त्रिशूल पांडेय ने फायरिंग कर दी. इसमें एक गोली स्थानीय युवक अभिषेक उर्फ चिंटू काे लग गयी और उसकी मौत हो गयी.
जबकि अजीत कुमार को पैर में, पिंटू कुमार को जांघ में गोली लग गयी. वहीं, एक अन्य युवक पंकज कुमार के बांह को छूते हुए गोली निकल गयी. इसके बाद लोगों ने दारोगा त्रिशूल पांडेय व अन्य को पकड़ लिया और उनकी लाठी-डंडे से जम कर पिटाई कर दी. दारोगा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
घायल दारोगा का आईसीयू में इलाज चल रहा है. घटना से आक्रोशित लोगों ने सोमवार की सुबह परसा-पुनपुन सड़क और पटना-गया रेल मार्ग को जाम कर जम कर बवाल काटा. इस मामले में सीएम नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव व डीजीपी से जानकारी ली और दोषियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया. दोनोंअधिकारियों को दोपहर में तलब किया गया था.
पुलिस ने किया लाठीचार्ज और अश्रु गैस के गोले दागे : आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी की और यातायात व्यवस्था को बंद कर दिया.
इसके बाद जम कर नारेबाजी की और पुलिस के अालाधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे. मामले को नियंत्रित करने के लिए सिटी एसपी पूर्वी राजेंद्र भील, एएसपी सदर सुशांत कुमार सरोज के साथ ही कई थानों की पुलिस, रैफ व वज्रवाहन पहुंचे. इसके बाद प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया. लेकिन, वे लोग नहीं मानें और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और खदेड़-खदेड़ कर पीटा. साथ ही अश्रु गैस के गोले छोड़े. इसके बाद लोग सड़क से हटे. इस कारण दो घंटे तक पटना-पुनपुन सड़क मार्ग और पटना-गया रेल मार्ग बंद रहा. इधर, अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. चिंटू एक निजी कंपनी में कार्यरत है. वह बिजली विभाग के ठेकेदार बाल देव राय के बड़ा बेटा था.
सिटी एसपी पूर्वी राजेंद्र भील ने बताया कि इस मामले में परसा थाने में प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. साथ ही पुलिस टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना स्थल की जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि वहां जुआ चल रहा था और शराब भी लोगों ने पी थी.
क्योंकि, वहां से ताश के पत्ते व शराब की खाली बोतलें भी बरामद की गयी हैं. साथ ही पुलिस टीम के साथ मारपीट की गयी और आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलायी है. हालांकि, हर बिंदु पर फिलहाल जांच जारी है.
अभिषेक की एक साल पहले हुई थी शादी, गर्भवती पत्नी और मां-पिता का बुरा हाल : सेफ शाॅप नेटवर्किंग पटना में कार्यरत अभिषेक कुमार उर्फ चिंटू की शादी को एक साल भी पूरे नहीं हुए थे कि वह दुनिया से चला गया.
पत्नी ममता देवी के गर्भ में पल रहे आठ माह का बच्चा है. मृतक चिंटू ने बीएससी करने के बाद नेटवर्किंग का कोर्स किया था. पटना में सेफ साॅप नेटवर्किंग में काम करता था. इस दर्दनाक घटना से पत्नी ममता देवी का बुरा हाल है. वह रोते-रोते बेहोश हो जाती है. होश में आते ही पति से मिलने की बात कहती है.
बेटे के मौत के गम में डूबी सुनैना देवी बहू को सांत्वना देते खुद भी चीत्कार करने लगती हैं. चिंटू तीन बेटों में बड़ा था. बेटे की मौत की खबर से पिता सदमे में हैं. मां सुनैना देवी ने कहा कि वह घर पर ही था. जब बाहर हंगामा मच रहा था तब वह निकला. पुलिस ने गोली मार दी बाबू को. मृतक के दो छोटे भाई पिंटु कुमार और रोहित कुमार भी अपने भाई के मौत पर मायूस है.
फुलवारीशरीफ : शव घर पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
फुलवारीशरीफ : पुलिस की गोली के शिकार अभिषेक कुमार उर्फ चिंटू का शव पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा की बीच इतवारपुर गांव पहुंचा. शव के पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया. लोगों की भीड़ उमड़ गयी. पिता बाल देव राय, मां सुनैना देवी व पत्नी ममता देवी शव को देखते ही निढाल हो गये.
मां और पत्नी कभी अभिषेक के शव को चूमते तो कभी शव के साथ ही लिपट जाते. यह मंजर देख कर सभी लोगों की आंखें नम हो गयीं. प्रशासन किसी तरह शव को लेकर दाह संस्कार के लिए बांस घाट ले गया.
फुलवारीशरीफ : फुलवारीशरीफ पुलिस फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय निवासी सुभाष राय ने बताया की वहां जुआ नहीं हो रहा था, बल्कि लड़के वहां पूजा की तैयारी को लेकर मीटिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक बजे रात में पुलिस पहुंची और उनके साथ मारपीट हुई और पुलिस ने फायरिंग कर दी. सुभाष राय का आरोप था कि दारोगा ने शराब पी रखी थी. दारोगा त्रिशुल पांडेय को वे लोग हाथ जोड़ कर कह रहे थे कि आप चलें जाएं सुबह में बात हो जायेगी, लेकिन दारोगा नहीं माने और बहस करते हुए तीन राउंड फायरिंग की. इसके बाद स्थानीय लोग गुस्से में आ गये तो दारोगा ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू दी जिसमें गोली लगने से चिंटू की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये. उनका कहना था कि ग्रामीणों की ओर से फायरिंग नहीं हुई है.
स्थानीय निवासी रेणु देवी
ने कहा कि पुलिस वालों के साथ युवकों की बहस हो रही थी. गली में हल्ला मच रहा था. इसी बीच मेरा भाई अजीत घर से निकला. घर से निकलते ही पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी.
स्थानीय रामलखन कुमार ने बताया कि पुलिस जुआ के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची थी. पुलिस को देख कर जुआ खेलने वाले फरार हो गये. इसके बाद पुलिस ने जुआ के अड्डे से चंद कदम दूर पर पूजा को लेकर बैठक कर रहे युवकों को पकड़ लिया. पुलिस टीम ने उनलोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इस दौरान विवाद हुआ. इसके बाद नशे में धुत दारोगा ने फायरिंग कर दी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन