Patna Murder Case: पटना एयरपोर्ट से ही दो संदिग्ध कर रहे थे Indigo अधिकारी रूपेश का पीछा, फोन के डंप डेटा की हो रही जांच

Author : Prabhat Khabar News Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 14 Jan 2021 8:52 AM

विज्ञापन

यह केस पुलिस के लिए फिलहाल ब्लाइंड केस है. इसमें न तो परिजनों की ओर से विशेष जानकारी मिली है और न ही घटना को किसी ने अपनी नजरों के सामने होते देखा है.

विज्ञापन

पटना. इंडिगो एयरलाइंस के पटना एयरपोर्ट स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की ब्लैक कलर की हेक्टर गाड़ी का दो संदिग्ध एयरपोर्ट से ही पीछा कर रहे थे. इस बात की जानकारी पुलिस जांच में मिली है.

सूत्रों के अनुसार, दोनों पल्सर बाइक पर सवार थे और उनकी गाड़ी के साथ ही चल रहे थे. पटना पुलिस को यह जानकारी पटना एयरपोर्ट से पुनाईचक तक के सीसीटीवी को खंगालने के बाद मिली है.

हालांकि शाम होने के कारण बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं आया है. पुलिस बाइक पर बैठे युवकों के हुलिया के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है.

इसके अलावे पुलिस ने बुधवार को पुनाईचक मोड़ से लेकर शंकर पथ के तमाम दुकानों व मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे काे भी खंगाला.

इसमें भी एक जगह पर बाइक पर सवार दो युवकों को देखा गया था. हालांकि उनकी भी पहचान की जा रही है. इसके साथ ही सोमवार की शाम तीन युवकों के बलदेव भवन चौक के समीप होने की भी जानकारी पुलिस को मिली है.

उन तीनों युवकों व बाइक पर सवार युवकों के चेहरे का मिलान किया जा रहा है. इधर, एयरपोर्ट पर कर्मियों से पूछताछ करने गयी पुलिस टीम ने तमाम सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को भी खंगाला.

सात बजे बेली रोड पुनाईचक मोड़ पर पहुंच गये थे रूपेश

रूपेश कुमार सिंह मंगलवार को सात बजे अपनी गाड़ी से पुनाईचक मोड़ पर पहुंच गये थे. उस समय वहां काफी भीड़ होने के कारण वे धीरे-धीरे गाड़ी से आगे बढ़ रहे थे.

पुनाईचक मोड़ पर लगे सीसीटीवी कैमरे में उनके कार की तस्वीर सामने आयी है. उनकी गाड़ी के आगे एक उजले रंग की कार थी और कुछ बाइक सवार भी अगल-बगल में थे.

मैनेजर का मोबाइल फोन खंगाला गया, निकाला गया डंप डेटा

एसआइटी ने मैनेजर का मोबाइल फोन खंगाला है और उसमें कुछ नंबरों की पहचान कर जांच कर रही है. इसके अलावा पुनाईचक इलाके के शंकर पथ का डंप डेटा भी निकाला गया है.

फिलहाल ब्लाइंड केस

यह केस पुलिस के लिए फिलहाल ब्लाइंड केस है. इसमें न तो परिजनों की ओर से विशेष जानकारी मिली है और न ही घटना को किसी ने अपनी नजरों के सामने होते देखा है.

इसके कारण पुलिस को मामले की तह में पहुंचने में थोड़ा समय लग रहा है. लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन