15 अगस्त के बाद जिलों में रात गुजारेंगे सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री, इस मकसद से बनाया गया प्लान

बिहार सीएम सम्राट चौधरी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार
CM Samrat Choudhary: बिहार में एनडीए की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि अब तक हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी निभाएंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिलों के दौरे, संगठन से तालमेल और जनकल्याण योजनाओं को मजबूत करने का रोडमैप बताया.
CM Samrat Choudhary: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्य के विकास को लेकर कहा कि 2005 से 2025 तक हमने बहुत मुश्किलों से बिहार को संवारा है. अब मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन विकास कार्यों को और आगे ले जाने का काम करेंगे. नीतीश कुमार ने सीएम सम्राट चौधरी के काम की जमकर तारीफ की और गठबंधन के सभी दलों के नेताओं से अपील की कि जिस तरह उन्होंने हमेशा मुझे अपना स्नेह और समर्थन दिया, ठीक उसी तरह वे सीएम सम्राट चौधरी का भी पूरा साथ दें. उन्होंने देकर कहा कि एनडीए परिवार का मकसद बिहार को देश के सबसे विकसित पांच राज्यों की लिस्ट में शामिल करना है.
सीएम सम्राट चौधरी का क्या प्लान
मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद सम्राट चौधरी शुक्रवार को पहली बार एनडीए के पांचों घटक दलों (बीजेपी, जेडीयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो) के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में शामिल हुए. अपने सरकारी आवास लोकसेवक भवन में करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में सीएम ने सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने को कहा. उन्होंने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त के बाद वे खुद सभी जिलों का दौरा करेंगे, वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और जिले में ही रात को रुकेंगे. इसके अलावा, अब हर तीन महीने पर एनडीए के जिलाध्यक्षों के साथ नियमित बैठक की जाएगी.
प्रभारी मंत्रियों को महीने में एक दिन जिले में गुजारनी होगी रात
बैठक में गठबंधन को और मजबूत करने के लिए एक फैसला लिया गया. अब सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में महीने में कम से कम एक दिन रात में रुकना होगा. इस रात्रि प्रवास के दौरान मंत्री एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे और जिले की स्थानीय समस्याओं को जानकर उनका तुरंत समाधान निकालेंगे. सीएम ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सरकार के आंख और कान होते हैं, इसलिए सरकारी योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं से मिलकर यह पता करें कि उन्हें समय पर पेंशन मिल रही है या नहीं. जमीनी फीडबैक के आधार पर ही योजनाएं ज्यादा सफल होती हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
नीतीश कुमार के कारण बनी रही विकास की रफ्तार
सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद करते हुए कहा कि आमतौर पर सत्ता बदलने के साथ पूरी प्रशासनिक व्यवस्था बदल जाती है, लेकिन नीतीश कुमार के उदार नेतृत्व की वजह से बिहार में विकास की रफ्तार कभी नहीं थमी और गांव-गांव तक तरक्की पहुंची. नीतीश कुमार ने ही एनडीए के नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ नियमित बातचीत की एक बेहतरीन परंपरा शुरू की थी, जिससे गठबंधन को मजबूती मिली.
सीएम ने आगे कहा कि 20 सूत्री समिति और नागरिक परिषद की बैठकों से मिलने वाले सुझावों पर जरूरी फैसले लिए जाएंगे और जरूरत के अनुसार जिला स्तर पर भी समितियों के गठन पर विचार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद से पटना के नौबतपुर तक सड़क होगी फोरलेन, इन जगहों पर बनेंगे बाइपास, ट्रैफिक होगा कम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










