नवादा में ऑपरेशन के 12 घंटे बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा और तोड़फोड़
ग्रामीणों को समझाती पुलिस
Nawada News : नवादा के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत से परिजनों ने जमकर तोड़फोड़ की. इलाज में लापरवाही और आयुष्मान कार्ड के बावजूद पैसे लेने का गंभीर आरोप है.
Nawada News : सद्भावना के समीप स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के करीब 12 घंटे बाद महिला की मौत से रविवार रात जमकर हंगामा हुआ. मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे तथा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गयी. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की, जिससे मौके पर अफरातफरी और तनाव की स्थिति बन गयी.
आपके शहर में
ऑपरेशन के बाद घर पहुंचे परिजनों को मिली मौत की सूचना
मृतका की पहचान मनका गांव निवासी लालजी चौहान की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गीता देवी को ऑपरेशन के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार सुबह करीब सात बजे उनका ऑपरेशन हुआ था. चिकित्सक की ओर से करीब 12 घंटे बाद होश में आने की बात कही गयी थी. ऑपरेशन के बाद परिजन घर चले गये थे. इसी दौरान उन्हें महिला की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे.
आयुष्मान कार्ड के बावजूद 15 हजार रुपये लेने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल में उनसे 15 हजार रुपये नकद लिये गये. परिजनों का दावा है कि आयुष्मान योजना के तहत राशि कटने का मैसेज भी उनके मोबाइल पर आया है. इसके अलावा इलाज में कथित लापरवाही और मरीज के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है.
Also Read : राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ियों में शुरू हुआ पांच दिवसीय झूलनोत्सव, जयकारों से गूंजे गांव
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, स्थिति नियंत्रित
अस्पताल में हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया. परिजनों ने अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने, आयुष्मान योजना के तहत हुए भुगतान की जांच करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है.
Also Read : नवादा में मासूम बच्ची की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे ऐपवा-माले कार्यकर्ता, सीएम का पुतला फूंका
वायरल वीडियो में लगाए गए गंभीर आरोप, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष नहीं आया
घटना से संबंधित एक वायरल वीडियो में कुछ लोग अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.
जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का वास्तविक कारण
महिला की मौत का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. मौत के कारणों को लेकर चिकित्सकीय जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए इलाज में लापरवाही और आयुष्मान योजना से जुड़े आरोपों की भी जांच की मांग की गयी है.
Also Read : प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद जागा प्रशासन, मोहनबिघा में नाले की सफाई शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए