नवादा: 24 घंटे में चोरी का खुलासा, जेवरात और नकद के साथ दो शातिर गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्त के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी बरामद की गई है. घटना की विस्तृत जानकारी एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता में दी.
Nawada News: नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत जम्हड़िया गांव में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का स्थानीय पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गये सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकद भी सकुशल बरामद कर लिया है.
एसडीपीओ ने दी पूरी जानकारी
नवादा के पकरीबरावां अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुजय विद्यार्थी ने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2026 को जम्हड़िया गांव स्थित एक सूने घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर नकद और आभूषण उड़ा लिए थे. इस संबंध में पीड़ित के आवेदन पर धमौल थाना कांड संख्या-78/26 दर्ज की गयी थी.
कोलकाता और नवादा के चोर
नवादा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था. टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 13 जुलाई को दो आरोपितों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोलकाता के मलिकपुर निवासी मो. अरशद उर्फ छोटू और नवादा के छोटी दौलतपुर निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है.
दुकानों से बरामद हुए जेवरात
नवादा के इस कांड में पूछताछ के दौरान आरोपित मो. अरशद ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गयी सोने की चेन नवादा स्थित जेवरात महल के कर्मी गोलू कुमार को बेची गई थी, जबकि चांदी के आभूषण विष्णु ज्वेलर्स में बेचे गये थे. पुलिस ने दोनों दुकानों में तत्काल छापेमारी कर एक सोने की चेन, एक चांदी की सिकड़ी, दो जोड़ी चांदी के कंगन और 2,135 रुपये नकद बरामद कर लिये.
ज्वेलर्स की भूमिका की जांच
नवादा के एसडीपीओ ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस मामले में चोरी के जेवर खरीदने वाले कारोबारियों की भूमिका भी अब गहन जांच के दायरे में है. जांच के दौरान जेवरात महल के मालिक सुरेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है. इसके अलावा विष्णु ज्वेलर्स के संचालक की भी जांच की जा रही है.
Also Read: नवादा: एफआरएस के लिए सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें : बीईओ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










