रजौली में असामाजिक तत्वों की दबंगई से सहमे छात्र व शिक्षक,उत्क्रमित मध्य विद्यालय गरीबा में बाउंड्री और गेट निर्माण की उठी मांग

Updated:
विज्ञापन

विद्यालय में चाहरदीवारी की मांग करते बच्चे व शिक्षकगण

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रजौली प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गरीबा में सुरक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है. बाउंड्री वॉल और गेट की कमी के कारण असामाजिक तत्वों का प्रवेश जारी है. शिक्षकों की बाइक में तोड़फोड़ की घटना से छात्र और शिक्षक दोनों भयभीत हैं. स्थानीय प्रशासन से जल्द सुरक्षा उपाय की मांग की गई है.

विज्ञापन

रजौली प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गरीबा में विद्यालय की सुरक्षा को लेकर समस्या बनी हुई है. विद्यालय में कुल 299 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें औसतन 278 छात्र-छात्राएं नियमित रूप से उपस्थित होते हैं. इतने बड़े छात्र समूह के बावजूद विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट की व्यवस्था नहीं है. प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुख्य द्वार और चारदीवारी नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व बेधड़क विद्यालय परिसर में प्रवेश कर जाते हैं. इससे शिक्षण कार्य बाधित होने के साथ शिक्षक और बच्चे भी तनाव में रहते हैं. विद्यार्थियों के लिए हाथ धोने की बेसिन जैसी मूलभूत सुविधा की कमी भी बनी हुई है.

विज्ञापन

मूल्यांकन ड्यूटी पर आए शिक्षक की बाइक में तोड़फोड़

कक्षा 1 से 8 तक की अर्धवार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन और वीक्षण कार्य के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय कारीगांव के विशिष्ट शिक्षक दीनानाथ प्रसाद को 15 सितंबर से 26 सितंबर तक गरीबा विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है. शिक्षक के अनुसार, ड्यूटी के दौरान उनकी और अन्य शिक्षकों की बाइक के साथ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की. गाड़ियों के नंबर प्लेट, एलईडी बल्ब और लाइट काटकर गायब करने के साथ टायरों में कांटी ठोकने की बात कही गयी है.

फोटो :- विद्यालय में चाहरदीवारी की मांग करते बच्चे व शिक्षकगण | Prabhat Khabar Network

शिक्षक ने नुकसान का हवाला देकर दी चेतावनी

शिक्षक दीनानाथ प्रसाद ने घटना पर आक्रोश और दुख जताते हुए बताया कि उनकी गाड़ी में करीब 600 रुपये का नुकसान हुआ, जबकि प्रधानाध्यापक की गाड़ी की लाइट काटकर करीब 1100 रुपये की क्षति पहुंचायी गयी. उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगी और दोबारा ऐसी शिकायत सामने आती है, तो वह गरीबा विद्यालय की ड्यूटी छोड़कर अपनी मूल पदस्थापना वाले विद्यालय वापस लौट जाएंगे.

छात्रों ने प्रशासन से बाउंड्री और गेट की मांग की

विद्यालय की छात्राएं अश्विनी कुमारी, जानवी कुमारी, कृति कुमारी, अंचल कुमारी और मनीषा कुमारी तथा छात्र आर्यन कुमार, दिव्यांशु कुमार सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी. छात्रों का कहना है कि बाउंड्री और गेट नहीं होने के कारण विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है. शिक्षकों के टू-व्हीलर वाहनों की लाइट चोरी होने और पढ़ाई के माहौल में बाधा पहुंचने की बात भी विद्यार्थियों ने कही.

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से निर्माण की गुहार

विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन से विद्यालय परिसर में जल्द से जल्द पक्की चारदीवारी और मुख्य गेट का निर्माण कराने की मांग की है.

क्या कहते हैं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों से ब्योरा मांगा गया है. इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय गरीबा भी शामिल है और निर्माण का कार्य वर्तमान में प्रक्रियाधीन है. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने पर प्रधानाध्यापक को तुरंत स्थानीय थाना-पुलिस को सूचना देनी चाहिए. साथ ही विभाग को भी लिखित रूप से जानकारी देनी चाहिए, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन