नवादा: सकरी नदी के गहरे गड्ढों से ग्रामीणों में दहशत, महिलाओं ने बीडीओ-सीओ से लगाई गुहार
बीडीओ सीओ से गुहार लगाती महिलाएं | Prabhat Khabar Network
नवादा के गोविंदपुर डीह में सकरी नदी के गहरे गड्ढों में 14 वर्षीय निक्की की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है. महिलाओं ने अधिकारियों से बच्चों की सुरक्षा के लिए इन गड्ढों को भरने या घेराबंदी की मांग की है.
Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर डीह में सकरी नदी में 14 वर्षीय निक्की कुमार की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद लोगों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है. सोमवार को जब प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमार शैलेंद्र एवं अंचलाधिकारी (सीओ) पुष्पांजलि कुमारी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे, तब गांव की दर्जनों महिलाओं ने अधिकारियों को घेरकर अपनी व्यथा सुनाई.
"हमारे बच्चों को बचाइए": भावुक महिलाओं ने बयां किया दर्द
ग्रामीण महिलाओं ने रोते-बिलखते अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा, "सर, हमलोगों को बचाइए. घर के छोटे-छोटे बच्चे कब खेलते हुए नदी की ओर चले जाएं, पता ही नहीं चलता. कृपया इन गहरे गड्ढों को भरवाइए, ताकि किसी और परिवार का चिराग न बुझे."
महिलाओं ने बताया कि सकरी नदी बालू घाट से अनियंत्रित बालू उठाव के कारण नदी के पेट में 30 फीट से अधिक गहरे जानलेवा गड्ढे बन गए हैं. पानी भरा होने के कारण गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं. इससे पहले भी कई मवेशी इन गड्ढों में डूबकर अपनी जान गंवा चुके हैं.
खतरनाक गड्ढों को भरने और घेराबंदी की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि बालू खनन के बाद बने इन खतरनाक गड्ढों को तुरंत भरवाया जाए या फिर सुरक्षा के लिहाज से ऐसे स्थानों की घेराबंदी कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ कुमार शैलेंद्र और सीओ पुष्पांजलि कुमारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या से संबंधित विभाग को तुरंत अवगत कराया जाएगा और आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे.
गौरतलब है कि रविवार को गोविंदपुर डीह निवासी शिक्षक अवधेश कुमार भारती के 14 वर्षीय पुत्र निक्की कुमार की नदी के इन्हीं गहरे गड्ढों में डूबने से मौत हो गई थी, जिसके बाद से पूरे गांव में गमगीन माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए