सर्वर डाउन से रजौली में आरटीपीएस सेवाएं ठप, प्रमाण पत्र के लिए दिनभर भटकते रहे लोग

Author Kr manish dev|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
फोटो:- रजौली प्रखंड कार्यालय में सर्वर ठीक होने का इंतजार करते लोग | Prabhat Khabar Network

रजौली प्रखंड कार्यालय में सर्वर ठीक होने का इंतजार करते लोग |

नवादा जिले के रजौली में सर्वर डाउन होने के कारण आरटीपीएस (लोक सेवा अधिकार) से जुड़ी सभी सेवाएं प्रभावित रहीं. जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे लोगों को दिनभर भटकना पड़ा. छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों को सबसे अधिक परेशानी हुई.

विज्ञापन

Nawada News : नवादा जिले के रजौली में सर्वर डाउन रहने के कारण शुक्रवार को रजौली प्रखंड क्षेत्र में आरटीपीएस (लोक सेवा अधिकार) से जुड़ी सभी सेवाएं प्रभावित रहीं. जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने पहुंचे लोगों को साइबर कैफे से लेकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय तक दिनभर भटकना पड़ा, लेकिन उनका काम नहीं हो सका.

छात्रों और आवेदकों को हुई सबसे अधिक परेशानी

सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र, नौकरी के अभ्यर्थी और अन्य नागरिक आवश्यक कागजात लेकर साइबर कैफे पहुंचे, लेकिन सर्वर नहीं चलने के कारण ऑनलाइन आवेदन नहीं हो सका. कैफे संचालकों ने लोगों को प्रखंड कार्यालय भेजा, जहां आरटीपीएस काउंटर पर भी कंप्यूटर स्क्रीन पर लगातार "सर्वर एरर" दिखाई देता रहा. कई लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौट गए.

राशन कार्ड और नामांकन कार्य भी प्रभावित

आवेदकों ने बताया कि कॉलेजों में नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक होने के बावजूद जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से परेशानी बढ़ गई है. वहीं कई लोगों ने शिकायत की कि राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद भी डोंगल से सत्यापन में काफी देरी हो रही है. इससे आवश्यक प्रमाण पत्रों के अभाव में अन्य सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.

सीओ ने तकनीकी समस्या बताई

अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कभी-कभी इस प्रकार की दिक्कतें आती हैं. उन्होंने कहा कि आरटीपीएस काउंटर पर ऑनलाइन कार्य लगातार किया जा रहा है और सर्वर सामान्य होते ही लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा.

व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार सर्वर डाउन रहने से आरटीपीएस की ऑनलाइन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है.


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन