नवादा: रजौली से अगवा ई-रिक्शा चालक झारखंड के जंगलों से सकुशल बरामद, 80 लाख की फिरौती मांगने वाला लाइनर गिरफ्तार
अपहरणकर्ताओं से मुक्त हुए पप्पू राय व पुलिस बल.
नवादा के रजौली से दिनदहाड़े अपहृत ई-रिक्शा चालक पप्पू राय को पुलिस ने 15-20 घंटे के भीतर झारखंड के जंगलों से सकुशल बरामद कर लिया है. फिरौती मांगने वाले गिरोह का एक लाइनर भी पकड़ा गया है.
Nawada News: जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरकोल मोड़ के समीप से 16 सितंबर की दोपहर चार पहिया वाहन सवार अपराधियों ने ई-रिक्शा चालक निर्मल कुमार राय उर्फ पप्पू राय (50 वर्ष, निवासी अमावां) का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया था. वारदात के तुरंत बाद अपराधियों ने पीड़ित के पुत्र निखिल कुमार के मोबाइल पर कॉल कर 80 लाख रुपये की मोटी फिरौती मांगी. रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई और पुलिस को चकमा देने के लिए वे लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे.
एसआईटी का गठन और त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश और रजौली एसडीपीओ केतन अशोक इंगोले के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम बनाई गई. इसमें थानाध्यक्ष रणजीत कुमार, डीआईयू के एसआई रमेश कुमार, स्वाट टीम के सार्जेंट ओमप्रकाश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पीड़ित के पुत्र के आवेदन पर रजौली थाना कांड संख्या 498/26 दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूत्रों के आधार पर जांच शुरू की.
लाइनर गिरफ्तार, झारखंड के जंगलों में दबिश
सघन जांच के दौरान पुलिस ने महसई मोहल्ला निवासी अंकित कुमार (पिता कारू शर्मा) को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया, जिसने वारदात में लाइनर की भूमिका निभाई थी. गिरफ्तार अंकित की निशानदेही और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने महज 15 से 20 घंटे के भीतर पड़ोसी राज्य झारखंड के कोडरमा स्थित घने जंगलों में सटीक घेराबंदी कर दबिश दी और अपहृत पप्पू राय को सकुशल बरामद कर लिया.

अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लाइनर अंकित कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले को अदालत में मजबूती से साबित करने के लिए अहम गवाहों के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं. वहीं अपहरण कांड में शामिल गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Also Read: रजौली में पीएम सूर्य घर योजना का सेवा सेतु कैंप शुरू, सोलर प्लांट पर 98 हजार रुपये तक मिलेगी सब्सिडी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए