एनडीए कार्यकर्ता संवाद में जदयू MLC नीरज कुमार ने पेश किया सरकार का रिपोर्ट कार्ड
कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ नीरज कुमार
Nawada News : रजौली में जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने एनडीए सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. उन्होंने नीतीश कुमार के शासन को सच्चा समाजवादी शासन बताया.
Nawada News : रजौली मुख्यालय अंतर्गत पारबांध स्थित श्री बालाजी मैरेज हॉल में गुरुवार को एनडीए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं पटना स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद नीरज कुमार ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मतदाताओं से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया.
आपके शहर में
एनडीए सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा
रालोमो के प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मण कुशवाहा की अध्यक्षता और जदयू श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार वर्मा के संचालन में कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें जदयू, भाजपा, रालोमो और हम पार्टी के कई जिलाध्यक्ष, प्रखंड प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
संवाद के दौरान एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार में सच्चा समाजवादी शासन स्थापित किया है. इससे समाज का कोई भी तबका आहत नहीं हुआ है. सरकार ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर सर्वांगीण विकास किया है. उन्होंने कहा कि आज बिहार के हर घर में नल-जल, बिजली और शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंच चुकी हैं.

कानून व्यवस्था और महिला सशक्तीकरण का किया उल्लेख
नीरज कुमार ने कहा कि प्रदेश को 118 नरसंहारों के दौर से मुक्ति दिलाकर न्याय का शासन स्थापित किया गया है. पंचायती राज में आरक्षण के बल पर बेटियां सशक्त हुई हैं. उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस में महिला सुरक्षा कर्मियों की संख्या देश में सर्वाधिक है.
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में प्राथमिक शिक्षकों की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है. स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से छात्र मात्र पांच रुपये में पॉलिटेक्निक और 10 रुपये प्रतिमाह में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं.
Also Read : नवादा: कृष्ण की भक्ति में सराबोर होगा गोवर्धन मंदिर, कानपुर की भजन मंडली अपनी प्रस्तुति से बांधेगी समां
रजौली के विकास कार्यों की भी दी जानकारी
एमएलसी ने स्थानीय विकास की चर्चा करते हुए करिगांव में डिग्री कॉलेज बनाए जाने और मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर नए अपडेट की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार के रोडमैप के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हर पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप बनवाएंगे.
उन्होंने रजौली के अमावां गांव से संबंध रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सराहना करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी संभालने से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है.
Also Read : पीयूष हत्याकांड को लेकर राजद ने जताया आक्रोश, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
शराबबंदी और ड्रोन निगरानी का किया जिक्र
नीरज कुमार ने शराबबंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया की एक महिला पत्रकार ने रजौली के जंगली क्षेत्रों में ड्रोन निगरानी पर शॉर्ट फिल्म बनाई है. उन्होंने दावा किया कि इस फिल्म के माध्यम से वैश्विक स्तर पर बिहार की कानून व्यवस्था की प्रशंसा की गई है.
कार्यकर्ताओं से उम्मीदवार मानकर चुनाव की तैयारी करने की अपील
कार्यक्रम के समापन पर एमएलसी नीरज कुमार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे स्वयं को उम्मीदवार मानकर आगामी अक्टूबर में प्रस्तावित चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से रजौली प्रखंड के करीब 1,400 मतदाताओं से सीधे मिलकर सरकार की उपलब्धियों को साझा करने की अपील की.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनय यादव, जदयू प्रदेश प्रवक्ता छात्र अमित माधव, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन कुशवाहा, बिपिन चौधरी, शिव शंकर कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य अजय साव, वरिष्ठ भाजपा नेता कवींद्र कुमार बब्लू, रामस्वरूप यादव, रूपेश धनराज, नवीन कंधवे, बंटी सिंह, दीपक कुमार, जदयू नेता मिथलेश कुमार, अजय यादव, मनोज आदर्शी, जितेंद्र कश्यप, राजू यादव, बजरंग दल संयोजक पिंटू वर्मा, समाजसेवी राम अनुग्रह सिंह, ललन सिंह, बीरेंद्र प्रसाद, शंकर पंडित और युवा नेता अभिनव आदित्य मौजूद रहे.
इसके अलावा एमएलसी प्रतिनिधि दीपक कुमार मुन्ना, राजीव रंजन, राहुल कुमार, संतोष सिन्हा, रविरंजन बंटी, विपुल कुमार, रॉकी कुमार और बल्लू पंडित समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया.
Also Read : प्रणव हत्याकांड में एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए अहम साक्ष्य, पुलिस की जांच तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए