नवादा अधिवक्ता संघ चुनाव का मतदान संपन्न, अब मतगणना पर टिकी निगाहें, जल्द ही तय होगा किसके सिर सजेगा जीत का ताज

फ़ोटो कैप्शन-वोट डालते अधिवक्ता -मतदान के लिये कतारबद्ध अधिवक्तागण | Prabhat Khabar Network
नवादा जिला अधिवक्ता संघ के वर्ष 2026-28 कार्यकाल के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. 806 में से 726 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. अब सभी की निगाहें कल होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहाँ नए नेतृत्व का फैसला होगा.
Nawada Advocate Association Election 2026 : नवादा जिला अधिवक्ता संघ, नवादा के वर्ष 2026-28 कार्यकाल के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया. अब अधिवक्ताओं की निगाहें शुक्रवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि अगले दो वर्षों तक जिला अधिवक्ता संघ की कमान किसके हाथों में रहेगी.
Nawada News : 726 अधिवक्ताओं ने किया मतदान
मुख्य चुनाव पदाधिकारी अधिवक्ता निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में कुल 806 अधिवक्ताओं के नाम दर्ज थे. इनमें से 726 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:00 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चला. चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे तथा 15 अधिवक्ताओं की चुनावी ड्यूटी लगाई गई थी.
बार काउंसिल के प्रतिनिधियों ने रखी चुनाव पर नजर
मतदान के दौरान बिहार बार काउंसिल द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि अधिवक्ता शर्मा चंद्रेश्वर उपाध्याय एवं मुरारी कुमार हिमांशु पूरे समय मौजूद रहे. दोनों ने मतदान प्रक्रिया की निगरानी की और चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाई.
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
मतदान केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. नगर थाना की ओर से एक पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में 13 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहीं. वहीं एएसआई संजय कुमार दास एवं मो. मोतिउर्रहमान समय-समय पर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, जिससे पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
20 पदों के लिए 56 प्रत्याशी मैदान में
इस चुनाव में अधिवक्ता संघ के 20 पदों के लिए कुल 56 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. हालांकि महिला आरक्षित श्रेणी के कुछ पदों पर मिली माधुरी, उजमा नसीम, निभा कुमारी, निर्मला कुमारी श्रीवास्तव, नीलम प्रवीण और पल्ली रावत निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं. शेष पदों के परिणाम शुक्रवार को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे.
आज होगा नए नेतृत्व का फैसला
मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी उम्मीदवारों और अधिवक्ताओं की नजर मतगणना पर है. शुक्रवार को मतों की गिनती पूरी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि जिला अधिवक्ता संघ के अगले दो वर्षों के लिए अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर किसे जिम्मेदारी मिलेगी. चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










