नवादा में युवक को लगी गोली, घटनास्थल से 5 किमी दूर बर्थडे पार्टी से जुड़ा है तार,अस्पताल पहुंचते ही बदली कहानी...
सांकेतिक तस्वीर
नवादा में युवक के पैर में गोली लगने की घटना ने पुलिस को उलझा दिया है. युवक के बयान और घटनास्थल को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है.
Nawada Crime News : नवादा में बुधवार को एक युवक के पैर में गोली लगने का मामला सामने आया. वारसलीगंज निवासी मुकेश कुमार डोम के पैर में गोली लगी है. चिकित्सकों के अनुसार गोली पैर की हड्डी को क्षतिग्रस्त करते हुए अंदर फंसी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित विम्स रेफर किया गया है. हालांकि, घटना को लेकर युवक की ओर से बताई गई कहानी और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई जानकारी के बीच अंतर होने से पूरा मामला उलझ गया है.
पीछे से आए युवक पर गोली मारने का आरोप
मुकेश कुमार डोम ने पुलिस को बताया कि वह पैदल वारसलीगंज की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से एक अज्ञात युवक आया और उसके पैर में गोली मारकर मौके से फरार हो गया. गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद पैर की हड्डी क्षतिग्रस्त होने और गोली अंदर फंसे होने की जानकारी मिली. इसके बाद उसे पावापुरी विम्स रेफर कर दिया गया.

चार-पांच किलोमीटर दूर समारोह में भी चली थी गोली
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में युवक के बयान को लेकर कुछ सवाल सामने आए हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस जगह मुकेश ने गोली मारे जाने की बात कही है, उससे करीब चार-पांच किलोमीटर दूर एक गांव के देवी मंदिर के समीप जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था. इसी समारोह स्थल से गोली चलने और एक व्यक्ति के गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी. ऐसे में देवधा के समीप गोली मारे जाने की बात और समारोह स्थल से मिली सूचना के बीच क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है.
पूछताछ के दौरान बयान में बदलाव से बढ़ा संदेह
बताया जा रहा है कि पुलिस की पूछताछ के दौरान युवक के बयान में भी बदलाव सामने आया है. इसके बाद पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं घटना का वास्तविक स्थान कुछ और तो नहीं है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या किसी परिचित को बचाने के लिए घटना की कहानी बदली गई है या गोली चलने की पूरी घटना का घटनाक्रम कुछ और है. फिलहाल पुलिस इन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस पूछताछ के साथ तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली कहां चली, घटना किस परिस्थिति में हुई और युवक के पैर में गोली लगने की वास्तविक वजह क्या है. जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
थानाध्यक्ष ने कहा, जल्द होगा खुलासा
पकरीबरावां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी ने बताया कि मुकेश कुमार डोम के पैर में गोली लगने की सूचना मिली है और उसका इलाज पावापुरी विम्स में कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए