नवादा में खेल का मैदान बचाने सड़क पर उतरीं कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं, निर्माण शुरू होते ही भड़की, जमकर की नारेबाजी
स्कूल परिसर में नए निर्माण का विरोध करते कस्तूरबा की छात्राएं
नवादा में कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने अपने खेल मैदान पर हो रहे निर्माण कार्य का विरोध किया. वे सड़क पर उतरकर नारेबाजी करते हुए निर्माण रोकने की मांग कर रही हैं. जिला शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है.
Kasturba Vidyalaya Students Protest : नवादा में जिस मैदान में छात्राएं रोज शाम खेलती हैं, उसी जगह निर्माण शुरू होने की जानकारी मिलते ही कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं कैंपस से बाहर निकल आयीं. छात्राओं ने सड़क पर नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य रोकने की मांग की. मामला जिला मुख्यालय स्थित कस्तूरबा विद्यालय का है, जहां डायट के कर्मचारी और अधिकारियों के आवासीय परिसर के निर्माण का काम शुरू कराया जा रहा है.
खेल मैदान में हो रहा नया निर्माण
डायट के अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर में ही कस्तूरबा बालिका विद्यालय बनाया गया है. यहां पिछले छह साल से छात्राएं पढ़ाई के लिए आवासीय सुविधा के साथ रह रही हैं. विद्यालय के खाली मैदान में डायट के कर्मचारियों और अधिकारियों के आवासीय परिसर के निर्माण की शुरुआत करायी जा रही है. इसी का छात्राओं ने विरोध किया.
मैदान में ही होती हैं स्कूल की गतिविधियां
छात्राओं ने कहा कि यही एक परिसर है, जहां वे लोग शाम में खेलती हैं. सुबह स्कूल की असेंबली और अन्य सभी गतिविधियां भी इसी परिसर में होती हैं. छात्राओं का कहना है कि यदि इस मैदान में नया निर्माण होता है, तो उनके पास खेलने और स्कूल से जुड़ी जरूरी गतिविधियां करने के लिए कोई स्थल नहीं बचेगा.
सड़क पर उतरकर की नारेबाजी
निर्माण रोकने की मांग को लेकर छात्राएं कैंपस से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचीं और नारेबाजी की. उन्होंने हो रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की. इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कस्तूरबा विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराया.
जानकारी लेने के बाद होगा निर्णय
इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि निर्माण को लेकर क्या दिक्कत है, इसकी जानकारी ली जाएगी. इसके बाद ही इस मामले में कोई निर्णय लिया जाएगा.
नवादा की पंचायतों में शुरू हुआ लीगल एड क्लीनिक, अब लोगों को गांव में ही मिलेगी मुफ्त कानूनी सलाह
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए