नवादा: हिसुआ में शुरू हुआ फ्यूज कॉल सेंटर, इन नंबरों पर कॉल कर तुरंत करा सकेंगे बिजली शिकायतों का निवारण
नवादा के हिसुआ में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'फ्यूज कॉल सेंटर' शुरू किया गया है. हिसुआ, नरहट, नारदीगंज और मेसकौर के उपभोक्ता अब 9031048017 पर कॉल कर अपनी बिजली संबंधी शिकायतों का तुरंत निवारण करा सकते हैं. यह पहल निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है.
Nawada News: नवादा के हिसुआ में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं सुगम समाधान के लिए विद्युत अवर प्रमंडल, हिसुआ में 'फ्यूज कॉल सेंटर' (Fuse Call Center) की शुरुआत की गई है. इसके लिए विभागीय मोबाइल नंबर 9031048017 जारी किया गया है.
इस नंबर पर कॉल कर अब चार प्रखंडों—हिसुआ, नरहट, नारदीगंज और मेसकौर के उपभोक्ता बिजली कटने, फ्यूज खराब होने या लाइन में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा से जुड़ी शिकायतों को सीधे दर्ज करा सकेंगे.
चार प्रखंडों के लिए जारी हुआ नया मोबाइल नंबर
कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से हिसुआ में इस समर्पित केंद्र की स्थापना की गई है. शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का तुरंत समाधान करेगी.
क्षेत्रवार जारी किए गए हेल्प लाइन नंबर:
- हिसुआ, नरहट, नारदीगंज और मेसकौर: मोबाइल नंबर 9031048017 पर संपर्क करें.
- रजौली, अकबरपुर, फतेहपुर, गोविंदपुर एवं सिरदला: मोबाइल नंबर 7369001361 पर संपर्क करें.
रजौली प्रमंडल के लिए पहले से कार्यरत है फ्यूज कॉल सेंटर
कार्यपालक अभियंता ने आगे जानकारी दी कि रजौली प्रमंडल स्तर पर एक अन्य फ्यूज कॉल सेंटर पहले से ही संचालित है, जिसका नंबर 7369001361 है. इस नंबर पर रजौली, अकबरपुर, फतेहपुर, गोविंदपुर और सिरदला विद्युत प्रशाखाओं के उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं.
उन्होंने कहा कि इन दोनों फ्यूज कॉल सेंटरों को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य समय पर बिजली समस्याओं का निवारण करना और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं बेहतर सेवा प्रदान करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










