गोविंदपुर चौक की सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से परेशानी, महायज्ञ व दुर्गापूजा को लेकर बढ़ी चिंता
बदहाल सड़क की तस्वीर
Nawada News : गोविंदपुर चौक पर जलजमाव और कीचड़ से राहगीर परेशान हैं. आगामी गायत्री महायज्ञ और दुर्गा पूजा को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.
Nawada News : गोविंदपुर चौक की स्थिति इन दिनों बेहद दयनीय हो गयी है. चौक सहित चौक से अस्पताल और हाई स्कूल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग गंदे पानी के जमाव और कीचड़ के कारण पूरी तरह बदहाल हो चुका है. सड़क पर जगह-जगह पानी जमा रहने से राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. वहीं, दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक साबित हो रहा है.
आपके शहर में
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है. कई दिनों तक पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है.

गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर राहगीर
राहगीरों को मजबूरी में इसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है. खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और अस्पताल जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार की शाम हुई बारिश के बाद गोविंदपुर चौक की स्थिति और भी खराब हो गयी.
पहले से जमा गंदे पानी में बारिश का पानी मिल जाने से सड़क पर कीचड़ बढ़ गया. कई जगह पानी इतना जमा हो गया कि लोगों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ा. दोपहिया वाहन चालक भी फिसलने के डर से काफी सावधानी बरतते नजर आये.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी अथवा अस्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है.

गायत्री महायज्ञ को लेकर बढ़ी चिंता
गोविंदपुर बाजार में आगामी 21 सितंबर से 25 सितंबर तक गायत्री महायज्ञ का आयोजन होना है. महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में चौक और दुर्गा मंदिर के आसपास कीचड़ एवं गंदे पानी का जमाव आयोजकों और स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है.
गायत्री महायज्ञ पूजा समिति के सुरेश कुमार ने बताया कि 21 से 25 सितंबर तक गोविंदपुर बाजार में गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. यदि कार्यक्रम के दौरान भी सड़क की यही स्थिति रही तो बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होगी. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से समय रहते सड़क और जलजमाव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है.

दुर्गापूजा से पहले भी सड़क सुधार की जरूरत
गोविंदपुर चौक के समीप ही दुर्गा मंदिर स्थित है. कुछ ही समय बाद दुर्गापूजा का आयोजन भी होना है. ऐसे में मंदिर के आसपास जलजमाव और कीचड़ की स्थिति श्रद्धालुओं के लिए बड़ी समस्या बन सकती है. पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं. यदि सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो उन्हें गंदे पानी और कीचड़ से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ सकता है.
Also Read : बाढ़ की तैयारी को लेकर बेगूसराय में बैठक, नाव परिचालन और तटबंध मरम्मत की हुई समीक्षा
स्थानीय लोगों ने की जल निकासी की व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कम से कम पूजा और महायज्ञ को देखते हुए सड़क को चलने लायक बनाया जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए. गोविंदपुर चौक की बदहाल स्थिति से संबंधित स्थानीय विधायक को भी अवगत कराया गया है.
सुरेश कुमार ने बताया कि विधायक की ओर से समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया गया है. साथ ही क्षेत्र में नयी नाली का निर्माण कराने की बात भी कही गयी है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि महायज्ञ एवं आगामी दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
फिलहाल गोविंदपुर चौक की बदहाल सड़क और जलजमाव लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुका है. स्थानीय लोगों की मांग है कि स्थायी नाली का निर्माण होने तक तत्काल जल निकासी और सड़क को दुरुस्त करने की व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
Also Read : पूर्व मंत्री रामदेव राय की छठी पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, जनसेवा के योगदान को किया याद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए