नवादा: उचित मूल्य दुकानों की अनुज्ञप्ति प्रक्रिया तेज, 50 पदों के लिए मेधा सूची जारी; 11 अगस्त तक करें दावा-आपत्ति

Updated:
विज्ञापन
फ़ोटो कैप्शन-नवादा समाहरणालय | Prabhat Khabar Network

नवादा समाहरणालय

नवादा में उचित मूल्य दुकानों के लिए जन वितरण प्रणाली की नई अनुज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. 50 दुकानों के लिए औपबंधिक मेधा सूची जारी की गई है, जिस पर 11 अगस्त तक आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं.

विज्ञापन

Nawada Shop License Merit List Released : नवादा में बिहार लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 एवं द्वितीय संशोधन आदेश, 2022 के तहत जन वितरण प्रणाली की नई उचित मूल्य दुकानों के लिए अनुज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में औपबंधिक मेधा सूची के प्रकाशन को स्वीकृति दे दी गई है. साथ ही अभ्यर्थियों से दावा एवं आपत्ति आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है.

सदर में 35, रजौली में 15 रिक्तियां

विज्ञापन संख्या-01/2025 के तहत नवादा सदर अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में 35 तथा रजौली अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों में 15, यानी कुल 50 उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. प्राप्त आवेदनों का प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा स्थलीय सत्यापन कराया गया. विभागीय दिशा-निर्देशों, आरक्षण नियमों एवं निर्धारित अर्हताओं के आधार पर पंचायत एवं वार्डवार औपबंधिक मेधा सूची तैयार कर जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई.

11 अगस्त शाम 5 बजे तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

चयन समिति के निर्णय के अनुसार औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल कार्यालय के सूचना पट्ट तथा जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर कर दिया गया है. असंतुष्ट अभ्यर्थी 11 अगस्त 2026 को अपराह्न 5:00 बजे तक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नवादा के कार्यालय में साक्ष्य सहित लिखित दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं.

दावा या आपत्ति व्यक्तिगत रूप से, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट अथवा [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से भेजी जा सकती है. निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते आवश्यक साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करने की अपील की है.


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन