नवादा: ईट भट्टा सचालक के बेटे ने नीट परीक्षा में लहराया परचम, ऑल इंडिया रैंक 565 पर हुआ सम्मानित

ईट भट्टा सचालक के बेटे ने निट परीक्षा में लहराया परचम, ऑल इंडिया रैंक 565 पर हुआ सम्मानित | Prabhat Khabar Network
नवादा के ऋतिक कुमार ने NEET 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया 565वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. ईंट-भट्ठा संचालक के बेटे की यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
Nawada News: अकबरपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत के होनहार छात्र ऋतिक कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में ऑल इंडिया रैंक 565 हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बीच मिली इस बड़ी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और परिवार का सहयोग किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत होती है. ऋतिक की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर पूरे ग्रामीण क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
माता गृहणी और पिता ईंट-भट्टा संचालक
ऋतिक के पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उनकी माता रुबी देवी एक कुशल गृहणी हैं, जबकि पिता निरंजन कुमार ईंट-भट्टा संचालक हैं. आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद माता-पिता ने अपने पुत्र की उच्च शिक्षा के मार्ग में कभी कोई कमी नहीं आने दी. ऋतिक की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय, डीही से हुई है, जबकि उन्होंने मैट्रिक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, रेवार से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई रामेश्वरी शिवदानी इंटर विद्यालय, फतेहपुर से पूरी की. ग्रामीणों का कहना है कि ऋतिक की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी.
सीमित संसाधन सफलता में बाधा नहीं: ऋतिक
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऋतिक कुमार ने कहा कि मेरी इस सफलता का पूरा श्रेय मेरे पूजनीय माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और नियमित स्वाध्याय को जाता है. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधन कभी भी सफलता के आड़े नहीं आते, बशर्ते आपका लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट हो और मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए. ऋतिक ने ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि कठिनाइयों से घबराने के बजाय लगातार सही दिशा में प्रयास करें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी. बुद्धिजीवियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










