नवादा: तीज की खुशियां मातम में बदलीं, ससुराल से बाजार आ रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
अस्पताल में रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
नारदीगंज में तीज पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं जब 27 वर्षीय अभिषेक कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई. ससुराल से बाजार आते समय अनियंत्रित कार की टक्कर से उनकी जान चली गई, जबकि सास और साला घायल हो गए.
नवादा. नारदीगंज में एक परिवार की तीज पर्व की खुशियां बुधवार को मातम में बदल गयीं. ससुराल से नारदीगंज बाजार आने के दौरान हिसुआ-राजगीर फोरलेन पर पड़रिया गांव के समीप अनियंत्रित कार की टक्कर से 27 वर्षीय अभिषेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में उनकी सास संगीता सिन्हा और साला ओंकार कुमार घायल हो गये. घटना के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी.
अभिषेक अकबरपुर प्रखंड के फतेहपुर निवासी थे. वह अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे. महज डेढ़ वर्ष पहले ही उनकी शादी सलोनी कुमारी से हुई थी. तीज पर्व के अवसर पर वह पत्नी के साथ अपनी ससुराल नारदीगंज प्रखंड के रजौर, परमा पंचायत पहुंचे थे.
बाजार आने के दौरान कार ने बाइक में मारी टक्कर
बताया जाता है कि तीज व्रत के बाद परिवार में पर्व को लेकर खुशियां थीं. इसी दौरान बुधवार को अभिषेक अपनी सास संगीता सिन्हा और साला ओंकार कुमार के साथ बाइक से नारदीगंज बाजार की ओर आ रहे थे.
हिसुआ-राजगीर फोरलेन पर पड़रिया गांव के समीप अचानक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनकी सास और साला घायल हो गये.
घायलों को सीएचसी से नवादा किया गया रेफर
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर नारदीगंज थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नारदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को नवादा रेफर कर दिया.
तीन भाइयों में मंझला था अभिषेक
अभिषेक कुमार तीन भाइयों में मंझला भाई था. उसके पिता का देहांत काफी पहले ही हो चुका था. पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों में अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका थी. वह घर का कमाऊ सदस्य था और अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में जुटा रहता था.
अचानक हुई उसकी मौत से परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है.

तीज की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, अभिषेक तीज पर्व को लेकर अपनी ससुराल आया था. परिवार में पर्व की खुशियां थीं, लेकिन तीज व्रत के बाद हुए सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया. जिस पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना को लेकर तीज का व्रत रखा था, हादसे के बाद उसकी मांग उजड़ गयी. दामाद और बेटे अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही ससुराल पक्ष और घरवालों में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया.

सास और साला घायल, दामाद की चली गयी जान
हादसे की विडंबना यह रही कि जिस सास और साले के साथ अभिषेक ससुराल से बाजार की ओर निकले थे, वे दोनों घायल होकर अस्पताल पहुंच गये, जबकि परिवार का दामाद अभिषेक दुनिया से चला गया. घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया.
पुलिस ने शव को भेजा नवादा
नारदीगंज थाना के दरोगा अभिषेक कुमार एवं अनुज कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए नवादा भेज दिया गया. पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
अभिषेक की असामयिक मौत से फतेहपुर और रजौर समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परमा पंचायत की मुखिया दर्शनीया देवी, समाजसेवी रामाधीन चौहान समेत अन्य ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए