डिलीवरी के बाद निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने किया भारी हंगामा
मुजफ्फरपुर जिले के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की संदेहास्पद मौत हो गई. महिला की मौत की खबर से परिजनों में हड़कंप मच गया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
Delivery Patient Death Private Hospital: मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएनटी चौक के समीप स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सक और सभी अस्पताल कर्मी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही डायल-112 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया. अस्पताल के बाहर डॉक्टर बिश्वेश्वर प्रसाद के नाम का बोर्ड लगा है, हालांकि उनकी भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है.

Muzaffarpur Crime News: रेफर करने के बजाय सामान्य डिलीवरी का दिया झांसा
परिजनों के अनुसार, प्रसूता सोनी देवी को सोमवार देर शाम प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी. मृतका के ससुर गरीब नाथ महतो ने आरोप लगाया कि हालत खराब होने पर उन्होंने डॉक्टरों से किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की गुहार लगाई थी. लेकिन प्रबंधन ने रेफर करने से मना करते हुए दावा किया कि स्थिति सामान्य है और डिलीवरी आसानी से हो जाएगी. इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सोनी की डिलीवरी कराई गई.

खून के नाम पर छह हजार रुपये ऐंठने का आरोप
डिलीवरी के ठीक बाद कर्मियों ने परिजनों को बताया कि महिला के शरीर में खून की भारी कमी हो गई है और तत्काल ब्लड चढ़ाना होगा. ससुर का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने खून का इंतजाम करने के नाम पर उनसे छह हजार रुपये ऐंठे. परिजनों का कहना है कि खून चढ़ाने के कुछ ही देर बाद सोनी की हालत तेजी से बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया. परिजनों का सीधा आरोप है कि गलत इलाज और बिना जांचे खून चढ़ाने के कारण महिला की जान गई है.
नवजात के सिर से उठा मां का साया
रोते-बिलखते ससुर ने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व उनके बेटे का विवाह सोनी से हुआ था. उनका पहले से एक छोटा बच्चा भी है. उन्होंने बिलखते हुए कहा कि अस्पताल की मनमानी ने परिवार की खुशियां छीन लीं और अब नवजात शिशु जन्म लेते ही अपनी मां के आंचल से महरूम हो गया है. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें... शराब लदी कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को रौंदा, कार छोड़कर तस्कर फरार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए