चोरों का दुस्साहस: पोल से नीचे उतारा भारी ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों को देख गाड़ी से भागे

Updated:
विज्ञापन

ट्रांसफार्मर दिखाते लोग और चोरों के छुटे चप्पल | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कांटी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने पोल से बिजली ट्रांसफार्मर उतार लिया। शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और मौके से दो जोड़ी चप्पलें बरामद हुईं।

विज्ञापन

Kanti Transformer Theft: जिले के कांटी थाना अंतर्गत रामनाथ धमौली पूर्वी पंचायत के कलवारी तकिया वार्ड नंबर 6 में गुरुवार की देर रात चोरों ने भारी दुस्साहस दिखाते हुए पोल पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर को नीचे उतार लिया. ट्रांसफार्मर के नीचे गिरते ही जोर की आवाज हुई. जिससे स्थानीय लोगों की नींद खुल गई. जब लोग अपने घरों से बाहर निकले. तो घने अंधेरे के कारण शुरुआत में कुछ दिखाई नहीं दिया. इसके बाद कुछ लोगों की नजर जब सड़क के दूसरी तरफ पोल पर गई. तो वहां कुछ संदिग्ध लोग ऊपर चढ़े दिखाई दिए. ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत शोर मचाना शुरू किया और उनकी तरफ दौड़े.

विज्ञापन

शोर मचते ही भागे चोर, झाड़ी से बरामद हुई दो जोड़ी चप्पल

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ग्रामीणों को अपनी तरफ आते देख करीब आठ से नौ की संख्या में रहे चोर ट्रांसफार्मर से कूदकर पश्चिम मधुवन की ओर भागने लगे. रात के घने अंधेरे का फायदा उठाते हुए सभी अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे. ग्रामीणों ने बताया कि चोरों के भागने के कुछ ही देर बाद मधुवन हनुमान मंदिर के सामने स्थित गाछी (बगीचे) से एक चार पहिया गाड़ी स्टार्ट होने और तेज रफ्तार में भागने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने कांटी थाना पुलिस को मामले की लिखित व मौखिक सूचना दी. ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के बिखरे हुए सामान को इकट्ठा कर सुरक्षित स्थान पर रखा. इसी दौरान पास की झाड़ी से दो जोड़ी चप्पलें भी बरामद हुईं. जिससे घटना में स्थानीय नशेड़ियों या अपराधियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है.

गैस एजेंसी मालिक ने विभाग से की जल्द ट्रांसफार्मर चढ़ाने की मांग

वारदात की सूचना मिलते ही कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल 112 के प्रभारी उदय कुमार को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा. पुलिस टीम ने देर रात ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और छानबीन की. इधर. घटनास्थल के पास ही स्थित गैस एजेंसी के मालिक शशि रंजन कुमार ने इस गंभीर घटना की जानकारी बिजली विभाग के पश्चिमी क्षेत्र के एसडीओ और स्थानीय कनीय अभियंता (जेई) को दी. उन्होंने अधिकारियों से यथाशीघ्र नया ट्रांसफार्मर पोल पर चढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुरक्षा और बिजली की व्यवस्था नहीं की गई. तो सुनसान और कम आबादी वाले इस इलाके में अपराधी दोबारा चोरी का प्रयास कर सकते हैं.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन