BDO आनंद विभूति के पांच ठिकानों पर EOU का महाधावा: 1.71 करोड़ की अकूत संपत्ति उजागर, पत्नी के पहुंचते ही खुला ताला
बायें: बीडीओ की फाइल फोटो, दाहिने : बीडीओ के मुजफ्फरपुर आवास पर छापेमारी के दौरान जुटे अधिकारी
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के अकूत साम्राज्य पर धावा बोला है. उनकी ज्ञात आय से 1.71 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है. EOU ने पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
मुजफ्फरपुर बीडीओ छापेमारी: काली कमाई के कुबेरों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का हंटर बेहद आक्रामक अंदाज में चला है. बहादुरपुर (दरभंगा) के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के अकूत साम्राज्य पर मंगलवार तड़के EOU की टीमों ने एक साथ भीषण सर्जिकल स्ट्राइक की. जांच एजेंसी के रडार पर आए BDO की कुल ज्ञात आय से 1,71,84,000 रुपये (करीब 1.71 करोड़ रुपये) की बेहिसाब संपत्ति का पर्दाफाश हुआ है, जो उनकी वैध कमाई से 121.87 प्रतिशत ज्यादा है. भ्रष्ट आचरण पर नकेल कसते हुए EOU ने स्पेशल थाने में कांड संख्या-21/26 दर्ज कर पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है.
मुजफ्फरपुर में घर छोड़ भागे थे BDO, पत्नी के पहुंचते ही टूटा ताला
मंगलवार सुबह ठीक सात बजे जब डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में EOU का भारी अमला मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम पहुंचा, तो वहां सन्नाटा पसरा था:
- टीम की भनक लगते ही BDO आवास पर ताला जड़कर भूमिगत हो गए थे.
- जांच अधिकारियों ने पीछे हटने के बजाय पूरे घर की सख्त घेराबंदी कर दी.
- घंटों के कड़े इंतजार के बाद जब BDO की पत्नी मौके पर पहुंची, तब मुख्य दरवाजे का ताला खुला और टीम भीतर दाखिल हुई.
पटना निगरानी कोर्ट से वारंट लेकर 5 ठिकानों पर एक साथ बोला धावा
निगरानी कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर EOU की अलग-अलग टीमों ने BDO के रसूख वाले ठिकानों को एक साथ घेरा:
- पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबेगिया स्थित पैतृक हवेली.
- पटना के दानापुर (आशोपुर) स्थित आलीशान 'साईं बिहार अपार्टमेंट' का फ्लैट नंबर 305.
- दरभंगा के बहादुरपुर स्थित सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसर.
- मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम का निजी आवास.
कांटी प्रखंड की पुरानी फाइलों और बेनामी संपत्तियों पर शिकंजा
मुजफ्फरपुर के कांटी में पदस्थापन के दौरान भी BDO वित्तीय धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे रहे थे. छापेमारी में जुटी टीमें जमीन-जायदाद के फर्जीवाड़े, बेनामी निवेश, बैंक खातों और लॉकरों के दस्तावेज जब्त कर रही हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए