मुजफ्फरपुर: सिकंदरपुर लेक फ्रंट बनेगा शहर का नया ‘फूड एंड फन डेस्टिनेशन’

सिकंदरपुर लेक फ्रंट परिसर का दृश्य
मुजफ्फरपुर का सिकंदरपुर लेक फ्रंट अब शहर का नया फूड एंड फन डेस्टिनेशन बनेगा. यहां 50 कियोस्क, बोटिंग, ओपन एयर थियेटर और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: शहर के ऐतिहासिक सिकंदरपुर लेक फ्रंट को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नया स्वरूप मिलने के बाद अब यहां व्यावसायिक गतिविधियों की शुरुआत होने जा रही है. वर्षों तक उपेक्षा का शिकार रहा यह स्थल अब शहरवासियों के लिए ‘फूड एंड फन डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित किया जाएगा.
50 कियोस्क और बोटिंग की सुविधा
लेक फ्रंट परिसर में 50 कियोस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां चाय-नाश्ता, फास्ट फूड और पेय पदार्थों की दुकानें संचालित होंगी. इसके अलावा बोट क्लब, कम्युनिटी हॉल, ओपन एयर थियेटर और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
अधिकारियों का मानना है कि शाम ढलते ही यह क्षेत्र परिवारों, युवाओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन जाएगा.
20 लाख से अधिक की लगी बोली
करीब छह महीने से चल रही एजेंसी चयन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई. Muzaffarpur Smart City Limited की ओर से वित्तीय निविदा प्रक्रिया पूरी करते हुए Prabhakar Enterprises को उच्चतम बोलीदाता घोषित किया गया है.
एजेंसी ने 20,00,709 रुपये की सर्वाधिक वित्तीय बोली लगाई है. अब नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर संचालन की जिम्मेदारी एजेंसी को सौंपी जाएगी.
स्मार्ट सिटी कंपनी की बढ़ेगी आमदनी
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सिकंदरपुर लेक फ्रंट का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है. वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हरियाली पहले से यहां मौजूद है. अब खानपान और मनोरंजन की सुविधाएं जुड़ने से यह स्थल और अधिक जीवंत होगा.
कियोस्क किराया, बोटिंग, पार्किंग और अन्य गतिविधियों से नगर निगम और स्मार्ट सिटी कंपनी को नियमित राजस्व प्राप्त होगा. इससे शहर की अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं के रखरखाव में भी मदद मिलेगी.
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
लेक फ्रंट पर शुरू होने वाली गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. फास्ट फूड, पेय पदार्थ, बोटिंग संचालन और पार्किंग प्रबंधन जैसे कार्यों में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है.
मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ऋतुराज प्रताप सिंह ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










