अप्पन पाठशाला में शिक्षा की नई पहल, बच्चों को किताब-कॉपी मिली तो पांच शिक्षक हुए सम्मानित
रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत ने मुजफ्फरपुर की अप्पन पाठशाला में एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया. इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाई के संसाधन दिए गए और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पांच शिक्षकों को सम्मानित किया गया.
Muzaffarpur News: रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत, मुजफ्फरपुर की ओर से रोटरी वर्ष 2026-27 के थीम “Create Lasting Impact” और सितंबर में मनाये जा रहे Literacy Month के तहत शनिवार को सिकंदरपुर स्थित मुक्तिधाम परिसर में संचालित अप्पन पाठशाला में विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और स्लम बस्तियों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे शिक्षकों का उत्साहवर्धन करना था.
आपके शहर में
पांच शिक्षकों को किया गया सम्मानित
अप्पन पाठशाला में सीमित संसाधनों के बावजूद गरीब और जरूरतमंद बच्चों को निःस्वार्थ भाव से शिक्षा दे रहे पांच शिक्षकों को रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत की ओर से सम्मानित किया गया. क्लब के सदस्यों ने कहा कि इन शिक्षकों का समर्पण वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
लाइब्रेरी की स्थापना की दिशा में पहल
कार्यक्रम के दौरान अप्पन पाठशाला में बच्चों और शिक्षकों के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने का संकल्प लिया गया. इसके पहले चरण में रोटरी क्लब की ओर से तीन अलमारी उपलब्ध करायी गयीं. क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन ऋतेश अनुपम और सचिव रोटेरियन आशीष शंकर की ओर से यह सहयोग दिया गया. लाइब्रेरी के लिए पुस्तकों का संग्रह भी जल्द उपलब्ध कराने की बात कही गयी.
बच्चों को मिली कॉपी-किताब और अन्य सामग्री
पाठशाला में नामांकित और उपस्थित बच्चों के बीच दो-दो सेट कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल, रबर, कटर, स्लेट सहित अन्य आवश्यक पाठ्य सामग्री वितरित की गयी. बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए व्हाइट बोर्ड और मार्कर भी उपलब्ध कराया गया.
सिटी एसपी बने क्लब के ऑनरेरी मेंबर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत की शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ी पहल की सराहना की. उन्होंने क्लब की Honorary Membership स्वीकार करने पर सहमति दी. क्लब के अध्यक्ष ऋतेश अनुपम और सचिव आशीष शंकर ने उन्हें लैपल पिन पहनाकर स्वागत किया और सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किया.
जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना जरूरी
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें पढ़ाई की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है. उन्होंने रोटरी क्लब की पहल की सराहना करते हुए ऐसे प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही.
शैक्षणिक पहल आगे भी जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के चार्टर प्रेसिडेंट रोटेरियन कमांडर शशांक शेखर का विशेष आर्थिक और सहयोगात्मक योगदान रहा. क्लब की ओर से बताया गया कि शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में इस तरह के प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
रोटरी क्लब के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में ऋतेश अनुपम, आशीष शंकर, शशांक शेखर, प्रेम कुमार चौधरी, उदय भानु, भृगु कुमार, राजवर्धन, रमेश केजरीवाल सहित रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: HIV से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, जांच से दवा तक एक ही कैंप में मिल रही सुविधा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए