मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे के बड़े अधिकारियों का जमावड़ा! जीएम डिम्पी गर्ग करेंगे विंडो ट्रेल इंस्पेक्शन, देर रात तक चली तैयारी
मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे के बड़े अधिकारी आ रहे हैं. महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के दौरे से पहले रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड में है. जंक्शन पर तीव्र गति से चल रहे पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया जाएगा.
Muzaffarpur Junction: मुजफ्फरपुर में पूर्व मध्य रेलवे (इसीआर) के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग गुरुवार को पाटलिपुत्र से मुजफ्फरपुर रेलखंड का विशेष विंडो ट्रेल निरीक्षण करेंगे. इस दौरे के दौरान वे मुजफ्फरपुर जंक्शन पर तीव्र गति से चल रहे पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का गहन जायजा लेंगे. महाप्रबंधक के आगमन की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया. जंक्शन परिसर में बुधवार देर रात तक विशेष साफ-सफाई अभियान, रंग-रोगन और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दौर चलता रहा.
सुबह 10 बजे पाटलिपुत्र से रवाना होगा विशेष निरीक्षण यान
आधिकारिक तौर पर जारी टूर प्रोग्राम के अनुसार, महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग गुरुवार की सुबह 10 बजे विशेष निरीक्षण यान (विंडो ट्रेल कोच) से पाटलिपुत्र स्टेशन से प्रस्थान करेंगे. रास्ते में वे रेल ट्रैक संरक्षा, सिग्नलिंग व्यवस्था और स्टेशनों के बुनियादी ढांचे की तकनीकी बारीकियों को परखते हुए मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचेंगे. जंक्शन पर निरीक्षण की सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और दिशा-निर्देश जारी करने के बाद जीएम हाजीपुर मुख्यालय के लिए रवाना हो जाएंगे.
आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक पेश करेंगे कार्य प्रगति रिपोर्ट
मुजफ्फरपुर जंक्शन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा पुनर्विकास परियोजना का संचालन किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक अपनी तकनीकी टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहेंगे. वे जीएम के समक्ष जंक्शन भवन, नई सुविधाओं, यात्री शेड और सर्कुलेटिंग एरिया के निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति का विस्तृत खाका प्रस्तुत करेंगे. जीएम कार्य की तय समय-सीमा और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे.
ईसीआर के प्रधान विभागाध्यक्ष और दोनों मंडलों के डीआरएम रहेंगे तैनात
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण यात्रा में महाप्रबंधक के साथ पूर्व मध्य रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे. इनमें प्रमुख मुख्य इंजीनियर (पीसीई), प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम), प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम), महाप्रबंधक के सचिव और मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे. इसके अतिरिक्त, अपने-अपने क्षेत्राधिकार के अनुसार सोनपुर और समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) भी दल-बल के साथ मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए