Muzaffarpur News: मुशहरी PHC प्रभारी का अजीबो-गरीब फरमान, अस्पताल में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी बैन
Published by : Aniket Kumar Updated At : 04 Nov 2024 1:37 PM
Muzaffarpur News: जिले के मुशहरी पीएचसी प्रभारी ने नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में किसी भी तरह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करना प्रतिबंधित है। बता दें, बीते दिनों इसी पीएचसी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें गार्ड मरीज का इलाज करता दिख रहा था।
Muzaffarpur News: जिले के मुशहरी पीएचसी प्रभारी ने एक अजीबो-गरीब फरमान जारी किया है। उन्होंने अस्पताल परिसर में किसी भी तरह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी को प्रतिबंधित करने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया है। नोटिस में यह भी लिखा है कि यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीएचसी प्रभारी के इस तरह के निर्देश के बाद लोगों में हैरानी है। बता दें, बीते दिनों मुशहरी पीएचसी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें डॉक्टर की अनुपस्थिति में गार्ड द्वारा घायल व्यक्ति का इलाज किया जा रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
मरहम पट्टी करता दिखा गार्ड
दरअसल, बीते 2 नवंबर 2024 को मुजफ्फरपुर के मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में डॉक्टर की अनुपस्थिति में एक सिक्योरिटी गार्ड द्वारा घायल मरीज को इंजेक्शन लगाने और मरहम पट्टी करने का मामला सामने आया। वीडियो में इमरजेंसी वार्ड में एक मरीज बैठा दिख रहा है, जिसके पैर में चोट लगी हुई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गार्ड मरीज के पैर में दवा लगा रहा है।
PHC में गार्ड ने मरीज का किया इलाज
जानकारी के अनुसार, मरीज किसी दुर्घटना का शिकार हो गया था और इलाज के लिए उसे पीएचसी(PHC) लाया गया था। परंतु उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके कारण दर्द से कराहते मरीज की मदद के लिए गार्ड ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
मामले पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी (सीएस) डॉ. अजय कुमार ने वीडियो वायरल होने के बाद बताया कि उन्हें घटना की जानकारी रात में मिली। PHC प्रभारी का कहना है कि यह वीडियो उस दिन का नहीं है और यह पहले की घटना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए CS ने जांच के आदेश दे दिए हैं और प्रभारी को पत्र भेजा है। वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










