बगीचे में चल रही थी नकली शराब की मिनी फैक्ट्री, उत्पाद विभाग का धावा, तस्कर अंधेरे में फरार

बगीचे में चल रही थी नकली शराब की मिनी फैक्ट्री, उत्पाद विभाग का धावा, तस्कर अंधेरे में फरार
उत्पाद विभाग ने रामपुर हरि के डकरामा गांव में एक नकली शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. मौके से ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी रैपर, ढक्कन और तैयार नकली शराब बरामद हुई है. हालांकि, शराब माफिया उत्पाद विभाग की टीम को देखकर मौके से फरार होने में सफल रहे.
Illegal Liquor Factory: जिले में शराबबंदी के बीच अवैध और नकली शराब बनाने वाले सिंडिकेट पर उत्पाद विभाग ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है. रामपुर हरि थाना क्षेत्र के डकरामा गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार की देर रात छापेमारी कर नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. हालांकि, विभाग की गाड़ियों की लाइट देखकर और टीम की आहट पाकर शराब माफिया अंधेरे और खेत के रास्ते मौके से फरार हो गया.
भारी मात्रा में फर्जी रैपर, ढक्कन और कैरामेल बरामद
उत्पाद विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो बगीचे के बीचों-बीच बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाने का धंधा चल रहा था. मौके से भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स के फर्जी सामान बरामद किए गए:
- ब्रांडेड सामग्री: मैकडॉवेल्स और रॉयल स्टैग जैसी नामी ब्रांड्स के रैपर और सैकड़ों फर्जी ढक्कन.
- कच्चा माल: खाली बोतलें, बोतलों में भरी तैयार नकली शराब और रंग देने के लिए इस्तेमाल होने वाला कैरामेल.
अधिकारियों को अंदेशा है कि मुख्य स्प्रिट को आसपास कहीं छिपाया गया है, जिसके लिए अहले सुबह तक गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
एक साल में छठी बार डकरामा में बड़ी कार्रवाई
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है. गौरतलब है कि पिछले एक साल के भीतर उत्पाद विभाग ने डकरामा गांव में नकली शराब के खिलाफ छठी बार छापेमारी की है. नेटवर्क ध्वस्त होने के बावजूद माफिया बार-बार इस इलाके को ठिकाना बना रहे हैं.
फरार धंधेबाज की पहचान में जुटी पुलिस
उत्पाद थानेदार इंस्पेक्टर राम प्रकाश राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डकरामा के सुनसान बगीचे में यह कार्रवाई की गई थी. फरार धंधेबाज की पहचान की जा रही है. उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें: 50 लाख दो वरना बिश्नोई गैंग पहुंचा देगा ऊपर: बीजेपी नेता से रंगदारी, घर के 'विभीषण' का मिला सुराग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










