जाले BDO की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़, दो कथित ऑडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

दरभंगा BDO की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत एक नया मोड़ ले चुकी है. सोशल मीडिया पर दो कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे मामले की संवेदनशीलता बढ़ गई है. पुलिस इन ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है.
Darbhanga BDO wife death case: दरभंगा जिला के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है. अमृता द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में अब दो कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि इनमें से एक ऑडियो उसी रात का है, जब अमृता ने यह आत्मघाती कदम उठाया था. इस वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद मामले की संवेदनशीलता बढ़ गई है, जिसकी गहराई से तफ्तीश में मिठनपुरा पुलिस जुट गई है.
गिड़गिड़ाते रहे BDO, पत्नी बोली- ''अब नहीं बच पाऊंगी''
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पहले ऑडियो में कथित तौर पर अमृता जहरीला पदार्थ खाने की बात कहती सुनाई दे रही है. ऑडियो में दूसरी तरफ BDO मनोज कुमार बेहद घबराए और परेशान नजर आ रहे हैं. वे रोते-बिलखते और गिड़गिड़ाते हुए अमृता से इस आत्मघाती कदम को उठाने से रोकने की मिन्नतें कर रहे हैं. ऑडियो में मनोज कुमार यह कहते सुने जा रहे हैं कि, "हम अभी पड़ोसी को फोन करते हैं, तुम प्लीज ऐसा मत करो." इस पर अमृता बेहद शांत और बेबस आवाज में कहती है, "हम तो खा लिए हैं, अब नहीं बच पाएंगे. "
भाई संग बातचीत का दूसरा ऑडियो भी आया सामने
इसके साथ ही एक और ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे घटना से कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है. इस दूसरे ऑडियो में BDO मनोज कुमार और अमृता के भाई के बीच बातचीत हो रही है. बातचीत के दौरान BDO अपने साले से अमृता को समझाने की बात कह रहे हैं. वे अपनी पत्नी की बार-बार लड़ाई करने की आदत और अचानक आने वाले गुस्से का जिक्र कर रहे हैं. ऑडियो में BDO मनोज कुमार अपने साले को सलाह देते हुए कह रहे हैं कि अमृता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है, इसलिए उसे किसी अच्छे मनोचिकित्सक (Psychiatrist) को दिखाने की जरूरत है.
ऑडियो असली है या एडिटेड? जांच रही पुलिस
इन दोनों ही ऑडियो के तेजी से वायरल होने के बाद मिठनपुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. पुलिस इस बात की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच कर रही है कि क्या ऑडियो में सुनाई दे रही आवाजें वाकई अमृता और BDO मनोज कुमार की ही हैं या फिर इन्हें एडिट कर या किसी साजिश के तहत तैयार किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
दहेज और प्रेम प्रसंग का लगा है आरोप
गौरतलब है कि अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मृतका के भाई ने BDO मनोज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे. परिजनों का आरोप था कि शादी के बाद से ही दहेज में 10 लाख रुपये की नकदी की मांग को लेकर अमृता को प्रताड़ित किया जा रहा था. इसके अलावा, मृतका के भाई ने एक महिला दरोगा के साथ BDO के अवैध प्रेम प्रसंग का भी आरोप लगाया था और कहा था कि इसी वजह से अमृता को जहर देकर मार डाला गया.
BDO जेल में, महिला दरोगा पीआर बॉन्ड पर रिहा
इस हाई-प्रोफाइल मामले में मिठनपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाले BDO मनोज कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, मामले में नामजद आरोपी और BDO की कथित प्रेमिका (महिला दरोगा) को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पीआर बॉन्ड (PR Bond) पर छोड़ दिया है. फिलहाल पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच के साथ-साथ मामले के अन्य पहलुओं को खंगालने में जुटी है, ताकि मौत के पीछे के असली कारणों का पर्दाफाश हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










