तीन जिलों में 200 जीविका दीदियों से 2.67 करोड़ की ठगी करने का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
मशरूम उत्पादन और हट बनवाने के नाम पर 200 से अधिक जीविका दीदियों से 2.67 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का मुजफ्फरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया है.
Jeevika Didi Fraud: मशरूम उत्पादन और मशरूम हट बनवाने के नाम पर तीन जिलों की 200 से अधिक जीविका दीदियों से 2.67 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का मुजफ्फरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना आशुतोष मंगलम को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़ा गया शातिर काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दामूचक का निवासी है. वह अपनी बहन शिवांगी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से यह पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था.
Muzaffarpur News: फर्जी कंपनी बनाकर महिलाओं को बनाया शिकार
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी भाई-बहन ने 'स्मार्ट ग्रैविटी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड' नाम से एक फर्जी कंपनी बनाई थी. इसके जरिए वे ग्रामीण इलाकों की भोली-भाली महिलाओं को आसान लोन दिलाने, आकर्षक मुनाफा कमाने, फर्जी चेक जारी करने और बाद में ब्लैंक चेक बाउंस कराने जैसी जालसाजी को अंजाम दे रहे थे. मुजफ्फरपुर के साथ-साथ सीतामढ़ी और गोपालगंज सहित कई जिलों में इस गिरोह के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज पाए गए हैं. पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
120 जीविका दीदियों के नाम पर ऐंठे 1.91 करोड़
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने खुलासा करते हुए बताया कि अभियुक्तों ने बोचहां और मुसहरी के आकांक्षी प्रखंडों की जीविका दीदियों को अपना मुख्य निशाना बनाया था. अभियुक्तों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (पीएमईजीपी) के तहत बोचहां की 60 महिलाओं के नाम पर बिहार ग्रामीण बैंक से 1 करोड़ 18 लाख 58 हजार 727 रुपये और मुसहरी की 60 महिलाओं के नाम पर 72 लाख 67 हजार 25 रुपये का लोन पास करवाकर गबन कर लिया. दोनों शाखा प्रबंधकों की शिकायत पर 2025 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी.
सीतामढ़ी और गोपालगंज तक फैला ठगी का जाल
मास्टरमाइंड आशुतोष का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसने सरैया थाना क्षेत्र में मशरूम हट के नाम पर 21 लाख रुपये, सीतामढ़ी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चेक बाउंस व धोखाधड़ी के जरिए 16 लाख रुपये और गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र में 39 लाख 6 हजार 650 रुपये की ठगी की थी. ग्रामीण एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह में शामिल उसकी बहन शिवांगी और अन्य फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी जारी है.
ठगी का पूरा लेखा-जोखा
- मुसहरी थाना : ₹ 72,67,025 (जीविका लोन गबन)
- बोचहां थाना : ₹ 1,18,58,727 (जीविका लोन गबन)
- सरैया थाना : ₹ 21,00,000 /- (मशरूम हट ठगी)
- सीतामढ़ी : ₹ 16,00,000 (धोखाधड़ी व चेक बाउंस)
- थावे गोपालगंज : ₹ 39,06,650 (धोखाधड़ी)
यह भी पढ़ें...विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा गिरोह का भंडाफोड़, आईबी खंगालेगी अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी कनेक्शन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए