बिहार: रजिस्ट्री ऑफिस में आज नहीं होगी जमीन-मकान की रजिस्ट्री, ई-निबंधन पोर्टल रहेगा लॉकडाउन

Updated:
विज्ञापन

मुजफ्फरपुर और बिहार के अन्य जिलों में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराने की योजना बना रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. 10 जुलाई को तकनीकी बदलाव के कारण ई-निबंधन पोर्टल बंद रहेगा, जिससे सभी रजिस्ट्री कार्य ठप रहेंगे. विभाग पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है.

विज्ञापन

Bihar Land Registry: मुजफ्फरपुर में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण खबर है. मुजफ्फरपुर जिला निबंधन कार्यालय समेत राज्य के सभी रजिस्ट्री कार्यालयों में आज यानी 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को निबंधन से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह ठप रहेंगे. विभाग द्वारा निबंधन प्रणाली में कुछ बड़े तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं, जिसके कारण आज ई-निबंधन पोर्टल लॉकडाउन रहेगा. सर्वर डाउन रहने की वजह से पूरे दिन कोई भी डीड या दस्तावेज रजिस्टर्ड नहीं हो सकेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन


Image

पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की हो रही है बड़ी तैयारी

विभागीय सूत्रों के अनुसार, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग बिहार सरकार द्वारा पूरी निबंधन प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस (कागज रहित) बनाने की दिशा में काम चल रहा है. इस नई अत्याधुनिक व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए ही पोर्टल के सिस्टम और सॉफ्टवेयर में बड़े तकनीकी अपडेट किए जा रहे हैं. विभागीय स्तर पर आयोजित सायंकालीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में इस निर्णय की जानकारी साझा की गई.

यह भी पढ़ें.. जमीन खरीदना आज से महंगा: शहरों में सरकारी रेट दोगुना, गांवों में 60% बढ़ोतरी

अवर निबंधक ने जारी की नोटिस, आम लोगों से की यह अपील

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के तुरंत बाद मुजफ्फरपुर के जिला अवर निबंधक मनीष कुमार ने आधिकारिक सूचना जारी कर आम जनता को इस संबंध में सूचित किया है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्तर पर सर्वर मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार कार्य चलने के कारण 10 जुलाई को निबंधन से संबंधित सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवाएं बंद रहेंगी.कार्यालय की ओर से सभी दस्तावेज नवीस (कातिब), डीड राइटर, प्रशिक्षु, स्टांप वेंडर्स और जमीन-मकान के क्रेता-विक्रेता (पक्षकारों) से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे शुक्रवार को रजिस्ट्री कार्यालय न आएं. पोर्टल पूरी तरह लॉक रहने के कारण किसी भी प्रकार का डेटा प्रोसेस नहीं हो पाएगा.

अगले कार्य दिवस के लिए अपॉइंटमेंट री-शेड्यूल करने की सलाह

निबंधन कार्यालय ने इस अस्थायी व्यवधान और तकनीकी बदलाव के कारण आम लोगों, विशेषकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले पक्षकारों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है. अधिकारियों ने सलाह दी है कि जिन लोगों ने 10 जुलाई के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक किया था या जिनकी रजिस्ट्री आज तय थी, वे इसे अगले कार्य दिवस के लिए पुनर्निर्धारित (री-शेड्यूल) कर लें. शनिवार से सेवाएं पुनः सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है.

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन