मुजफ्फरपुर में उतरनी थी बाइक, पार्सल कर्मी सोता रहा और राजधानी एक्सप्रेस पहुंच गई न्यू जलपाईगुड़ी
सोता पार्सल कर्मचारी, पार्सल
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर एक यात्री को अपनी बाइक पार्सल करने में भारी लापरवाही का सामना करना पड़ा. पार्सल कर्मी के सो जाने के कारण उनकी बाइक मुजफ्फरपुर की बजाय सैकड़ों किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल भेज दी गई.
रेलवे पार्सल लापरवाही: रेलवे की पार्सल व्यवस्था और रेलकर्मियों की घोर लापरवाही का एक अजीबोगरीब मामला मुजफ्फरपुर जंक्शन से सामने आया है. नयी दिल्ली से अपनी बाइक मुजफ्फरपुर मंगा रहे यात्री आदर्श को न केवल जंक्शन पर तैनात स्टाफ की बदसलूकी झेलनी पड़ी, बल्कि पार्सल कर्मी की लापरवाही के कारण उनकी बाइक मुजफ्फरपुर में उतारे बिना सैकड़ों किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी भेज दी गई. इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित यात्री ने सोशल मीडिया पर रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.
सुबह 4 बजे पार्सल कार्यालय में सो रहा था कर्मी
पीड़ित यात्री ने बताया कि उन्होंने 17 सितंबर को नयी दिल्ली से मुजफ्फरपुर के लिए अपनी बाइक बुक कराई थी. बाइक को 19 सितंबर को ट्रेन संख्या 20504 नयी दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में लोड किया गया था. रविवार की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रेन मुजफ्फरपुर पहुंची, तो वे अपनी बाइक का पार्सल लेने जंक्शन स्थित पार्सल कार्यालय पहुंचे. वहां का नजारा देखकर वे दंग रह गए, क्योंकि ड्यूटी पर तैनात पार्सल कर्मी आराम से सो रहा था.
जगाने पर भड़का कर्मी, एक्स पर की शिकायत
यात्री ने जब कर्मचारी को जगाकर बाइक अनलोड कराने के बारे में पूछा, तो नींद में खलल पड़ने पर वह आगबबूला हो गया:
- अभद्रता और दुर्व्यवहार: आरोप है कि कर्मी ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि बाहर निकलो और जिसे शिकायत करनी है करो, फिर वह दोबारा सो गया.
- फोटो खींचकर किया पोस्ट: परेशान यात्री ने सो रहे कर्मचारी की तस्वीर खींच ली और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे सेवा को टैग करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा कर दी.
- न्यू जलपाईगुड़ी पहुंची बाइक: शिकायत के बाद दिल्ली डिवीजन की जांच में खुलासा हुआ कि बाइक मुजफ्फरपुर में उतारी ही नहीं गई और ट्रेन के साथ सीधे न्यू जलपाईगुड़ी चली गई.
वापस मंगाई गई बाइक, समस्तीपुर मंडल ने बैठाई जांच
मामले के तूल पकड़ते ही रेलवे अधिकारियों ने बाइक को 20503 राजधानी एक्सप्रेस से वापस मुजफ्फरपुर मंगाने की बात कही है. वहीं समस्तीपुर रेल मंडल ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.
ये भी पढ़ें: अब घर बैठे होगा गाड़ियों का ट्रांसफर, डीटीओ दफ्तर के चक्करों से मुक्ति, आधार ओटीपी से होगा काम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए