सप्तक्रांति एक्सप्रेस में जमकर चले लात-घूंसे, दो यात्री लहूलुहान

Updated:
विज्ञापन
सप्तक्रांति एक्सप्रेस: सीट विवाद बना खूनी संघर्ष

Express Train Fight: सप्तक्रांति एक्सप्रेस में जमकर चले लात-घूंसे, दो यात्री लहूलुहान

सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सीट को लेकर यात्रियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. मारपीट में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Express Train Fight: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर मंगलवार को आनंद विहार जाने वाली 12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर खड़ी ट्रेन के कोच में दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि एक पक्ष के तीन युवकों ने दो यात्रियों पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया. घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

सीट पर बैठने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद

घायल यात्रियों की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र निवासी रामबली सहनी और मनीष कुमार के रूप में हुई है.

पीड़ितों ने जीआरपी को दिए आवेदन में बताया कि वे जनरल कोच में यात्रा करने के लिए चढ़े थे. उस समय कुछ युवक पहले से सीट पर लेटे हुए थे. जब उन्होंने बैठने के लिए थोड़ी जगह देने का अनुरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी.

हमले में दोनों यात्री हुए घायल

आरोप है कि तीन युवकों ने मिलकर दोनों यात्रियों पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. घटना के दौरान दोनों के सिर से काफी खून बहने लगा और कोच में मौजूद यात्रियों के बीच दहशत फैल गई.

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और आरपीएफ के जवानों ने दोनों घायलों को ट्रेन से उतारकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.

कटरा और मीनापुर के तीन युवक गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के कोच से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार और नीतीश कुमार तथा मीनापुर थाना क्षेत्र निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है.

तीनों को जीआरपी पोस्ट लाकर पूछताछ की गई. जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घायलों के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन