मुजफ्फरपुर में दबंगों का तांडव, घर में घुसकर मारपीट, मंगलसूत्र लूटा और गाड़ियों में तोड़फोड़

Updated:
विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के अतरदह मोहल्ला में आधा दर्जन हथियारबंद हमलावरों ने एक घर पर धावा बोल दिया. हमलावरों ने महिलाओं के साथ मारपीट की, मंगलसूत्र छीन लिया और वाहनों में तोड़फोड़ कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. परिवार दहशत में है और न्याय की गुहार लगा रहा है.

विज्ञापन

Muzaffarpur crime News: मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची-पक्की ओपी (सदर थाना) क्षेत्र अंतर्गत अतरदह मोहल्ला (वार्ड नंबर 31) में एक घर पर आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया. हमलावरों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए महिलाओं व परिजनों के साथ मारपीट की, मंगलसूत्र छीन लिया और वाहनों में तोड़फोड़ की. इस भीषण हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना को लेकर पीड़िता आशा देवी (पति- सुरेश चौधरी) ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Muzaffarpur News: अचानक घर में घुसे हथियारबंद उपद्रवी

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:00 बजे 5 नामजद और 5-6 अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके घर पर आ धमके. सभी आरोपियों के हाथों में ईंट, पत्थर, लाठी-डंडा और लोहे की छड़ थी. घर में प्रवेश करते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार करने लगे. इसी दौरान आरोपियों ने पीड़िता का लगभग 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया.

छोटे पुत्र को खींचने का प्रयास और जानलेवा हमला

आरोपियों ने पीड़िता के छोटे पुत्र सावन कुमार के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन घर से बाहर खींचने की कोशिश की. पीड़िता के जोर-जोर से चिल्लाने पर जब उनके पति और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले में पीड़िता के तीन पुत्र गंभीर रूप से चोटिल हो गए. विशेष रूप से उनके बड़े पुत्र विकास कुमार के सिर पर जानलेवा वार किया गया, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर ललाट का हिस्सा फट गया और वह खून से लहूलुहान होकर गिर पड़े.

गाड़ियों में तोड़फोड़ और धमकी

मारपीट के बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी लगभग 4-5 मोटरसाइकिलों को ईंट-पत्थर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. मोहल्ले में काफी देर तक उपद्रव का माहौल बना रहा। शोर सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पीड़ित परिवार ने 112 और 108 नंबर पर आपातकालीन मदद मांगी, लेकिन समय पर मदद न मिलने के कारण घायल पुत्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है और पुलिस से सुरक्षा व दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगा रहा है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन