कार्यकर्ताओं को मिले आयोगों में जगह और वापस हों पुराने मुकदमे, भाजपा नेता डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
भाजपा वरिष्ठ नेता अरविंद सिंह
भाजपा नेता डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्यकर्ताओं के मुकदमों की वापसी और जनसमस्याओं के समाधान की मांग की है।
मुजफ्फरपुर भाजपा नीतीश : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सह वैशाली उत्तरी के जिला प्रभारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुजफ्फरपुर जिले की प्रमुख जनसमस्याओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है. उन्होंने सरकार से इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है.
आपके शहर में
राजनीतिक मुकदमों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं को सम्मान
डॉ. सिंह ने अपने पत्र में कार्यकर्ताओं की पुरानी मांगों को प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने आग्रह किया कि वर्ष 2015 से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए विभिन्न राजनीतिक मुकदमों को या तो वापस लिया जाए अथवा उनकी उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए. इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी आयोगों, बोर्डों एवं समितियों में उचित स्थान व दायित्व दिया जाए.
न्यायिक प्रणाली और प्रशासनिक सुधार पर जोर
पत्र में प्रशासनिक पारदर्शिता और विधि व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं:
- सरकारी अधिवक्ताओं के कार्य की समीक्षा: व्यवहार न्यायालय में पदस्थापित सरकारी वकीलों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की जाए.
- जमीन रजिस्ट्री और म्यूटेशन में पारदर्शिता: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में सक्रिय बिचौलियों पर सख्त लगाम लगे, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े.
- पुलिस-पब्लिक संवाद: थानों और प्रशासनिक स्तर पर आम नागरिकों व पुलिस प्रशासन के बीच नियमित संवाद स्थापित हो.
उद्योग, कृषि और चक्कर मैदान की मांग
डॉ. सिंह ने जिले के आर्थिक विकास पर बल देते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर की विश्वप्रसिद्ध शाही लीची पर आधारित फूड प्रोसेसिंग उद्योगों की बड़े पैमाने पर स्थापना की जाए, जिससे स्थानीय किसानों को उचित मूल्य और युवाओं को रोजगार मिल सके. इसके अलावा, शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक गतिविधियों के लिए चक्कर मैदान को पूर्व की भांति आम आयोजनों हेतु उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर निबंधन कार्यालय में हंगामा, पेपरलेस व्यवस्था और हड़ताल के बीच अवैध वसूली का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए