ePaper

दहेज हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर नारेबाजी, पुलिस ने दौड़ा कर पीटा

Updated at : 05 Jan 2020 3:01 AM (IST)
विज्ञापन
दहेज हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर नारेबाजी, पुलिस ने दौड़ा कर पीटा

मुजफ्फरपुर : दहेज हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी कार्यालय पर शनिवार को प्रदर्शन करने पहुंचे अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. सभी मनियारी थाने दो अक्तूबर को दर्ज डाॅ फातमा जहरा की दहेज हत्या के केस में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी, डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी […]

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर : दहेज हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी कार्यालय पर शनिवार को प्रदर्शन करने पहुंचे अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. सभी मनियारी थाने दो अक्तूबर को दर्ज डाॅ फातमा जहरा की दहेज हत्या के केस में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी, डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद व तत्कालीन मनियारी थानेदार मुकेश कुमार पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

पुलिस की पिटाई से ब्रह्मपुरा थानाक्षेत्र के किला बांध रोड के राजा अब्बास, जूरन छपरा रोड नंबर चार के आसिफ जाफरी, ब्रह्मपुरा के नजफ अली, किलाबांध रोड के रेहाना खातून, तुर्की ओपी के लदौरा के सैयद सरफराज व मिश्रौलिया निवासी रूबी देवी की पांच वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी जख्मी हो गयी. पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल तक खदेड़ दिया.
अपनी मांग को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ता देर शाम तक धरनास्थल पर बैठे रहे. मामले को लेकर देर रात पुलिस के बयान पर एसएसपी कार्यालय में जबरन घुसने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व पुलिसकर्मियों के साथ धक्का- मुक्की करने में एक दर्जननामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के जिला सचिव नमिता सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को डाॅ फातमा जहरा की हत्या ससुरालवालों ने कर दिया था. ससुराल के लोग बच्ची को मायके से 18 लाख की गाड़ी के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. शनिवार को हमलोग डाॅ फातमा जहरा के हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हमलोग एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंचे, तो पुलिस ने बिना कुछ पूछे लाठीचार्ज कर दिया. महिलाओं व बच्चों को भी पीटा गया है.
इधर, नगर पुलिस का कहना है कि सभी जुलूस लेकर एसएसपी कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे थे. उनको समझाने की कोशिश की गयी तो वे पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगे. इसके बाद उन्हें बलपूर्वक धरनास्थल तक खदेड़ दिया गया.
आरोपितों की गिरफ्तारी का दिया गया है आदेश
डीएसपी पश्चिमी ने बताया कि डाॅ फातमा जहरा की मौत के बाद परिजनों ने मनियारी थाने में हार्ट अटैक से मौत होने की बात कह सनहा दर्ज कराया था. उसके तीन दिन बाद परिजन फोटो लेकर उनके पास आये और बोले कि उनकी बेटी की हत्या की गयी है.
उन्होंने जो तसवीरें दिखायीं, इसके आधार पर प्राथमिकी कराने का आदेश दिया गया. अनुसंधान के क्रम में डाॅक्टर के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया. डॉक्टरों ने रिपोर्ट में मौत के कारण को स्पष्ट नहीं किया. उसके बिसरा जांच के लिए रिजर्व रख लिया था.
इस बीच लड़के पक्ष के लोगों ने फोटो शॉप की मदद से तसवीरें बनाने का आरोप लगा, उनके पास आवेदन सौंपा. इसके आलोक में लड़की के परिजनों ने जिस मोबाइल से फोटो लिया गया, उसकी मांग की गयी, तो वे अबतक नहीं दिये. इसके बावजूद प्राथमिकी व अबतक के अनुसंधान के आधार पर एक आरोपित जो नाबालिग लड़की है, उसकी भूमिका पर जांच करने की बात कह अन्य सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का आदेश अपने पर्यवेक्षण रिपोर्ट में जारी कर दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन