फ्लैग मार्च कर असामाजिक व उपद्रवी तत्वों को दी चेतावनी
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 02 Mar 2026 8:22 PM
दंडाधिकारी के नेतृत्व में जगह-जगह पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की हुई प्रतिनियुक्ति
होली को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर प्रशासन मुस्तैद
सायरन बजाते निकला काफिला, डीएम व एसपी भी थे शामिल
मुंगेर.होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार की शाम शहर में फ्लैग मार्च किया गया. जिलाधिकारी निखिल धनराज और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा. समाहरणालय से शुरू हुआ फ्लैग मार्च किला क्षेत्र से निकल कर शहर के मुख्य बाजार होते हुए बेकापुर, शादीपुर, शाहजुबैर रोड, लालदरवाजा, वासुदेवपुर, माधोपुर, पूरबसराय, कौड़ा मैदान, जमालपुर रोड होते हुए कोतवाली, कासिम बाजार, पूरबसराय, वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से गुजरा. इस दौरान डीएम व एसपी ने चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर उतर कर वहां पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली. फ्लैग मार्च जिस होकर गुजरा उधर सायरन की आवाज सुन कर लोग सड़क पर निकल आये. डीएम ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाल कर असामाजिक व उपद्रवी तत्वों को चेतावनी दी जा रही है कि होली में घर में ही रहें, सड़क पर निकलकर विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न की तो उनकी खैर नहीं. समाज में दिक्कत पहुंचाने वालों को चिह्नित कर थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि होलिका दहन सोमवार की रात होगा. इसको लेकर दंडाधिकारी के नेतृत्व में जगह-जगह पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी. फ्लैग मार्च में एसडीएम सदर कुमार अभिषेक, एसडीपीओ सदर अभिषेक रंजन, बीडीओ, सीओ, सभी शहरी थाना के थानाध्यक्ष व क्यूआरटी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










