रात में घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी, बाढ़ के पानी में डूबी : सुबह 200 मीटर दूर मिला शव

Updated:
विज्ञापन

बाढ़ के पानी से शव को बाहर निकाले एसडीआरएफ | Prabhat Khabar Network

मुंगेर के दियारा इलाके में बाढ़ का पानी अब जानलेवा साबित हो रहा है. एक 16 वर्षीय किशोरी रात में घर से निकली और बाढ़ के पानी में डूब गई. घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद हुआ.

विज्ञापन

मुंगेर : बाढ़ का पानी अब दियारा इलाके के लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगा है. गंगा पार झौवाबहियार के बिंदा दियारा निवासी डोमन पासवान की 16 वर्षीय पुत्री प्रितम कुमारी की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई. किशोरी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रात करीब एक बजे घर से निकली थी किशोरी

बताया गया कि प्रितम कुमारी रविवार की रात करीब एक बजे किसी तरह घर से बाहर निकल गई थी. इसी दौरान वह बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई और डूब गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.

एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

सोमवार की सुबह करीब पांच बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद बाढ़ के पानी में किशोरी की तलाश शुरू की गई. एसडीआरएफ के साथ ग्रामीण भी पानी में उतरकर खोज अभियान में जुट गए. घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर मंजीरा के समीप बाढ़ के पानी से प्रितम कुमारी का शव बरामद किया गया.

आठ भाई-बहनों में सबसे छोटी थी प्रितम

बताया जाता है कि डोमन पासवान के आठ पुत्र-पुत्रियां हैं और प्रितम कुमारी सभी भाई-बहनों में सबसे छोटी थी. छोटी बेटी की अचानक मौत की खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के करुण क्रंदन से घटनास्थल और घर का माहौल गमगीन हो गया.

बाढ़ बढ़ने के साथ दियारा में बढ़ी मुश्किल

ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी लगातार फैल रहा है, जिससे दियारा क्षेत्र में लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. इस घटना के बाद लोगों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान तेज करने और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की जरूरत जतायी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन