साले की शादी में शामिल होने आये जीजा की छत से गिरकर मौत, खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद खरबा गांव में जुटे परिजन और स्थानीय लोग.

Munger News: मुंगेर में साले की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब समारोह में शामिल होने आए जीजा की छत से गिरने के बाद मौत हो गयी.

विज्ञापन

असरगंज (मुंगेर) हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger News: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब साले की शादी में शामिल होने आए जीजा की छत से गिरकर मौत हो गई. घटना खरबा गांव की है, जहां बारात लौटने के बाद दो मंजिला मकान की छत पर सो रहे एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां गम में बदल गईं.

साले की शादी में शामिल होने पहुंचे थे ससुराल

मृतक की पहचान असरगंज थाना क्षेत्र के ममई गांव निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह अपने साले प्रदीप कुमार चौधरी की शादी में शामिल होने करीब एक सप्ताह पहले खरबा गांव स्थित ससुराल आए थे. शादी समारोह संपन्न होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन देर रात हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया.

छत पर सोने के दौरान हुआ हादसा

बताया जाता है कि शनिवार देर रात जितेंद्र चौधरी घर की दो मंजिला छत पर सोए हुए थे. छत के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी नहीं होने के कारण रात में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नीचे गिर पड़े. गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर असरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई अमित कुमार ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. हालांकि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया.

परिवार में मचा कोहराम

जितेंद्र चौधरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मचगई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि उनकी शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी. परिवार और रिश्तेदार इस अचानक हुए हादसे से सदमे में हैं.

खुशी का माहौल पलभर में बदला मातम में

जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है. गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ऊंची इमारतों और छतों पर सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को उजागर कर दिया है.

Also Read: नीट यूजी री-एग्जाम के लिए चली स्पेशल ट्रेन, साहिबगंज से दानापुर तक परीक्षार्थियों को बड़ी राहत

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन