गंगा का जलस्तर बढ़ने पर मुंगेर प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे और निचले इलाकों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन. | Prabhat Khabar Network
गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मुंगेर में बाढ़ की स्थिति विकट हो गई है. जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. नौकायन और सेल्फी जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से बचें.
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और बाढ़ की विकराल होती स्थिति को देखते हुए मुंगेर जिला प्रशासन ने आम लोगों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने नदी किनारे, तटबंध एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेने की अपील की है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
आपके शहर में
नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, घाट, तटबंध एवं निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से नहीं जाएं. बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने को कहा गया है. प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों की जानकारी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वहां पहुंचने की सलाह दी गयी है.
नौकायन और सेल्फी जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें
बाढ़ के दौरान नदी में स्नान, नौकायन, नाव से अनावश्यक आवागमन तथा सेल्फी लेने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से पूरी तरह बचने को कहा गया है. लोगों को जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, मोबाइल फोन, टॉर्च, पीने का पानी एवं अन्य आवश्यक सामान सुरक्षित और आसानी से ले जाने योग्य स्थान पर रखने की सलाह दी गयी है.
आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष से करें संपर्क
प्रशासन ने कहा है कि जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन एवं बचाव दल के निर्देशों का तत्काल पालन करें. किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है. जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06344-222660 एवं मोबाइल नंबर 7762061882 पर सूचना दी जा सकती है. वहीं, राज्य आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने लोगों से पूर्ण सतर्कता बरतने और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है.
ये भी पढ़ें : गंगा जलस्तर में लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी, मुंगेर में बाढ़ भयावह, शहर के पांच वार्ड समेत 35 पंचायतें प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए