जमालपुर क्रू लॉबी में लोको पायलटों का फूटा गुस्सा, ट्रेनों के बंटवारे में भेदभाव का आरोप; रेलवे को सौंपा मांगों का ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

सीनियर सेक्शन इंजीनियर को ज्ञापन सौंपते सॉफ्टवेयर लोको पायलट | Prabhat Khabar Network

जमालपुर लोको पायलटों ने ट्रेनों के आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया. साहिबगंज-भागलपुर क्रू की तुलना में जमालपुर को कम ट्रेनें मिलने का दावा किया गया है.

विज्ञापन

जमालपुर स्थित क्रू लॉबी के समीप मंगलवार को लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलटों ने जोरदार प्रदर्शन कर जमालपुर क्रू के साथ कथित भेदभाव का विरोध किया. प्रदर्शन के बाद लोको के सीनियर सेक्शन इंजीनियर को एसडीईई (ऑपरेशन) के नाम ज्ञापन सौंपा गया. इसमें ट्रेनों के लिंक और क्रू आवंटन में संतुलन बनाने के साथ जमालपुर क्रू को उसकी क्षमता के अनुरूप अधिक ट्रेनों का संचालन देने की मांग की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

साहिबगंज-भागलपुर क्रू के मुकाबले जमालपुर को कम लिंक का आरोप

ज्ञापन में कहा गया है कि मालदा मंडल के अंतर्गत पैसेंजर और मेमू लिंक में समय-समय पर संशोधन के कारण साहिबगंज, भागलपुर और जमालपुर क्रू के बीच ट्रेनों का पुनर्वितरण हुआ है. प्रदर्शन कर रहे लोको पायलटों का दावा है कि साहिबगंज और भागलपुर के लिंक करीब 77 से 80 घंटे की ड्यूटी के उच्च उपयोगिता स्तर पर काम कर रहे हैं, जबकि जमालपुर में उपलब्ध क्रू क्षमता का अभी बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है.

क्रू ने परिचालन में संतुलन बनाए रखने के लिए जमालपुर को उसकी क्षमता के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों के लिंक देने की मांग की है.

इन ट्रेनों का लिंक जमालपुर को देने की मांग

ज्ञापन में साहिबगंज-जमालपुर-साहिबगंज पैसेंजर, गया-जमालपुर पैसेंजर और रामपुरहाट-गया पैसेंजर को फिर से जमालपुर क्रू को आवंटित करने पर विचार करने की मांग की गयी है. इसके अलावा ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का एक्सप्रेस और कामाख्या-गया एक्सप्रेस में पटना तक, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस में गोंडा तक तथा तेजस राजधानी और राजधानी एक्सप्रेस के संचालन में भी जमालपुर क्रू की भागीदारी बढ़ाने की मांग रखी गयी है.

'अनुभवी क्रू उपलब्ध, फिर भी नहीं मिल रही पर्याप्त ट्रेनें'

लोको पायलटों ने कहा कि जमालपुर में पर्याप्त संख्या में अनुभवी मेल लोको पायलट और पैसेंजर लोको पायलट उपलब्ध हैं. ऐसे में उनकी क्षमता का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संरक्षा की दृष्टि से भी अनुभवी क्रू को उनकी योग्यता के अनुरूप जिम्मेदारी देना जरूरी है.

उनके अनुसार जमालपुर के अनुभवी क्रू को अधिक कार्यभार मिलने से मंडल की परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जा सकता है.

'जमालपुर के पास एक भी मेमू ट्रेन नहीं'

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में जमालपुर क्रू के पास एक भी मेमू ट्रेन नहीं है. इसके कारण सभी लोको पायलटों का एलआर हैंडलिंग भी ड्यू हो जाएगा. दानापुर दिशा में भी फिलहाल केवल एक ट्रेन का अप-डाउन संचालन होने की बात कही गयी है. क्रू ने इस दिशा में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है.

लोको पायलटों ने जमालपुर से अलग-अलग शेड को दी गयी ट्रेनों को फिर से जमालपुर शेड को आवंटित करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्रू की उपलब्ध क्षमता का समुचित उपयोग होने से परिचालन संतुलन बेहतर होगा और अनुभवी कर्मचारियों को उनकी योग्यता के अनुरूप काम मिल सकेगा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन