जमालपुर-किऊल रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार थमी, कामाख्या-दिल्ली 7 घंटे लेट, रांची स्पेशल साढ़े चार घंटे देरी से
जमालपुर जंक्शन. | Prabhat Khabar Network
भागलपुर-किऊल रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में भारी विलंब से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कामाख्या-दिल्ली एक्सप्रेस 7 घंटे से अधिक लेट है, वहीं रांची स्पेशल भी साढ़े चार घंटे देरी से चल रही है. यात्रियों को स्टेशन निकलने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जांच करने की सलाह दी गई है.
पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर मंगलवार को लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं. ट्रेनों के लगातार लेट परिचालन से सफर कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. वहीं इन ट्रेनों से आगे यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को भी अपने निर्धारित समय में ट्रेन नहीं मिलने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
7 घंटे से अधिक लेट चल रही कामाख्या-दिल्ली ट्रेन
प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार कामाख्या से दिल्ली जंक्शन जाने वाली 15658 अप कामाख्या-दिल्ली एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब सात घंटे से अधिक विलंब से चल रही है.
इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे है. लेकिन मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन किशनगंज भी नहीं पहुंच सकी थी. किशनगंज से जमालपुर की दूरी करीब 377 किलोमीटर बतायी जाती है. सामान्य स्थिति में ट्रेन को इस दूरी को तय करने में करीब आठ घंटे का समय लगता है. ऐसे में ट्रेन के दोपहर 2:30 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना बतायी गयी.
रांची-भागलपुर स्पेशल भी साढ़े चार घंटे लेट
रांची से भागलपुर जाने वाली 08646 डाउन रांची-भागलपुर स्पेशल ट्रेन भी मंगलवार को करीब साढ़े चार घंटे विलंब से चल रही है.
इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 4:50 बजे है. लेकिन सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन किऊल पहुंची थी. जानकारी के अनुसार इसके सुबह 9 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना थी.
हावड़ा-नटेश्वर स्पेशल डेढ़ घंटे विलंबित
हावड़ा से चलकर नटेश्वर जाने वाली 03029 अप हावड़ा-नटेश्वर स्पेशल एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे लेट चल रही है. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का समय सुबह 7:32 बजे निर्धारित है, लेकिन यह ट्रेन सुबह 9 बजे के बाद जमालपुर पहुंच रही थी.
पटना-दुमका एक्सप्रेस भी रीशेड्यूल
इसके अलावा 13334 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस भी विलंब से चल रही है. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:29 बजे है. प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन को पटना से रीशेड्यूल किया गया है.
मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन पटना से रवाना नहीं हो सकी थी. पटना से जमालपुर पहुंचने में ट्रेन को ढाई घंटे से अधिक समय लगता है. ऐसे में यात्रियों को इस ट्रेन के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
लंबी दूरी की ट्रेनों की लेटलतीफी से बढ़ी परेशानी
एक साथ कई ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण जमालपुर, किऊल और भागलपुर रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. कई यात्री आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेनों या कनेक्टिंग सेवाओं पर निर्भर रहते हैं. ऐसे में ट्रेनों के घंटों लेट होने से उनकी पूरी यात्रा का समय प्रभावित हो रहा है.
यात्रियों को सलाह दी गयी है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर ले लें, ताकि अनावश्यक इंतजार से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए