बरियारपुर में सड़क बनी जानलेवा, बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी, रोज गुजरते हैं हजारों वाहन, हादसे का बढ़ा खतरा
सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे. | Prabhat Khabar Network
बरियारपुर की मुख्य सड़क इन दिनों वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है. बारिश में भरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में है. स्थानीय लोग विभाग से जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं.
बरियारपुर बाजार के तीन बटिया चौक से खड़गपुर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है. तीन बटिया चौक से रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं. बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति और गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. ऐसे में तेज रफ्तार वाहन असंतुलित होकर लड़खड़ा जाते हैं और कई बार चालक गिरकर दुर्घटना का शिकार भी हो जाते हैं.
आपके शहर में
पानी से ढक जाते हैं गड्ढे, बढ़ जाता है हादसे का खतरा
बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढे पानी से भर जाने के कारण दिखाई नहीं देते. अचानक गड्ढे में पहिया पड़ने से दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से असंतुलित हो जाते हैं. वहीं बड़े वाहनों के गड्ढे से गुजरने पर उनके गुल्ले टूटने की घटनाएं भी सामने आती हैं. इससे सड़क पर वाहन खड़े होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है. इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
सावन में इसी रास्ते से गुजरे थे भारी वाहन
पूरे सावन माह में सुल्तानगंज और बाबाधाम जाने वाले बड़ी संख्या में भारी वाहन इसी मार्ग से गुजरते रहे. वर्तमान में भी बड़े वाहनों का परिचालन लगातार जारी है. ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे और ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं. लोगों का आरोप है कि पथ निर्माण विभाग की ओर से समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं करायी जा रही है.
कलारामपुर के पास पुल पर भी उभरा गड्ढा
सिर्फ तीन बटिया चौक और रेलवे ओवरब्रिज के बीच ही समस्या नहीं है. कलारामपुर के पास पुल पर भी सड़क में गड्ढा उभर आया है. तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों को अचानक यह गड्ढा दिखाई देने पर चालक वाहन संभालने की कोशिश करते हैं, जिससे वाहन असंतुलित होने का खतरा बना रहता है.
लोगों ने कहा- समय रहते नहीं जागा विभाग तो हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने छोटे-छोटे गड्ढों की समय रहते मरम्मत नहीं की गयी तो बारिश और वाहनों की आवाजाही के कारण ये और बड़े होते जाएंगे. इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ती जाएगी. लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की जांच कर सभी गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है.
ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग खड़गपुर, बरियारपुर रेलवे स्टेशन और सुल्तानगंज की ओर जाने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में सड़क की बदहाली का असर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही पर पड़ रहा है. लोगों ने कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को अभी से सड़क की मरम्मत पर ध्यान देना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए