झारखंड से महेशखूंट जा रही थी शराब की खेप, 297 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब | Prabhat Khabar Network

मुंगेर में उत्पाद विभाग ने श्रीकृष्ण सेतु अप्रोच पथ पर एक पिकअप वाहन से 297 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

विज्ञापन

मुंगेर : उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार की सुबह श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ एनएच-333बी पर आईटीसी दूध फैक्ट्री के समीप कार्रवाई करते हुए पिकअप बोलेरो से करीब 297 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. विभिन्न ब्रांड की शराब वाहन में छिपाकर रखी गयी थी. टीम ने वाहन को जब्त करते हुए चालक को भी गिरफ्तार कर लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी की सूचना पर शुक्रवार सुबह एप्रोच पथ पर जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान बरियारपुर से खगड़िया की ओर जा रही पिकअप बोलेरो को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गयी विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई. इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन को जब्त कर चालक छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

झारखंड से खरीदी थी शराब

गिरफ्तार चालक बांका जिले का रहने वाला बताया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने उत्पाद विभाग की टीम को बताया कि शराब झारखंड से खरीदी गयी थी. इसकी खेप गंगा के उस पार खगड़िया जिले के महेशखूंट पहुंचायी जानी थी.

चालक से पूछताछ के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम शराब की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

कार्रवाई में उत्पाद विभाग के निरीक्षक धर्मवीर कुमार, दरोगा सुजीत कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे. बरामद शराब और जब्त वाहन को उत्पाद विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन