अब पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्स्प्रेस किऊल-जमालपुर रुकते हुए पहुचेगी भागलपुर

पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस
Amrit Bharat Express Extension: पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस के भागलपुर तक विस्तार की तैयारी पूरी हो गई है. इससे अंग और मुंगेर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
पीरीबाजार (लखीसराय) से रवि राज आनंद की रिपोर्ट:
Amrit Bharat Express Extension: रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब भागलपुर तक किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. पूर्व रेलवे ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति देते हुए आवश्यक अनुशंसा वेस्टर्न रेलवे और रेलवे बोर्ड को भेज दी है.
ट्रेन के भागलपुर तक विस्तारित होने से भागलपुर, मुंगेर और लखीसराय सहित पूरे अंग क्षेत्र के यात्रियों को अहमदाबाद और गुजरात के अन्य क्षेत्रों तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा. इससे व्यापारियों, छात्रों, श्रमिकों और आम यात्रियों को विशेष लाभ होने की उम्मीद है.
किऊल, अभयपुर और जमालपुर में होगा ठहराव

रेलवे सूत्रों के अनुसार मार्ग विस्तार के बाद ट्रेन का परिचालन किऊल और जमालपुर रेलखंड के रास्ते किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए किऊल जंक्शन, अभयपुर और जमालपुर जंक्शन पर ट्रेन के ठहराव का प्रस्ताव है.
इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से लखीसराय, मुंगेर और भागलपुर जिले के यात्रियों को अहमदाबाद आने-जाने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी.
स्थानीय प्रयासों से मिली सफलता
बताया गया कि इस रूट विस्तार के पीछे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की मांग की अहम भूमिका रही है. पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार के लगातार प्रयासों और आग्रह के बाद पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की.
इसके बाद आवश्यक सहमति पत्र रेलवे बोर्ड और वेस्टर्न रेलवे को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.
रेल संपर्क और विकास को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय लोगों का मानना है कि ट्रेन के विस्तार से क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और बेहतर रेल संपर्क को नई गति मिलेगी. साथ ही यात्रियों को आधुनिक और किफायती रेल सेवा का लाभ भी प्राप्त होगा.
पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष Kumar ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
ALSO READ: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बिहार योग विद्यालय का संदेश, दयालुता को बनाएं जीवन का आधार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










