एके-47 मामले की जांच हुई धीमी गिरफ्तारियों पर लग गया है ब्रेक
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :21 Jan 2020 7:14 AM (IST)
विज्ञापन

मुंगेर : एके-47 हथियार बरामदगी के मामले में मुंगेर वर्ष 2018-19 में सुर्खियों में रहा. पुलिस की सक्रियता के कारण यहां प्रतिबंधित 22 एके-47 हथियार बरामद किये गये. साथ ही लगभग तीन दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. पकड़े गये हथियार तस्करों ने यह स्वीकार किया था कि वे लोग लगभग 70 एके-47 […]
विज्ञापन
मुंगेर : एके-47 हथियार बरामदगी के मामले में मुंगेर वर्ष 2018-19 में सुर्खियों में रहा. पुलिस की सक्रियता के कारण यहां प्रतिबंधित 22 एके-47 हथियार बरामद किये गये. साथ ही लगभग तीन दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. पकड़े गये हथियार तस्करों ने यह स्वीकार किया था कि वे लोग लगभग 70 एके-47 राइफल को मुंगेर में आयुध कारखाना जबलपुर मध्यप्रदेश से चोरी लाया. लेकिन पुलिस की कार्रवाई में मात्र 22 एके-47 राइफल ही बरामद हो पायी.
अर्थात लगभग 50 एके-47 राइफल की बरामदगी नहीं हो पायी. समय के साथ यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया और कार्रवाई भी शिथिल पड़ गयी. अब जबकि मुंगेर में लिपि सिंह ने एसपी के रूप में कार्यभार संभाला है तो माना जा रहा है कि एक बार फिर एके-47 की फाइल खुलेगी.
थम गया अभियुक्तों के गिरफ्तारियों का दौर
29 अगस्त 2018 को जमालपुर के जुबली बेल चौक पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव निवासी मो इमरान को पुलिस ने गिरफ्तार किया. जिसके पास से तीन एके-47 हथियार पुलिस ने जब्त किया था.
तत्कालीन एसपी बाबू राम ने इसे गंभीरता से लिया और एके-47 के कनेक्शन को खंगालना शुरू किया. उनका प्रयास रंग लाया. कभी जमीन के अंदर से एके-47 हथियार निकाला गया तो कभी कुंआ से एके-47 निकाला. यहां तक की नदी-नाला में गोताखोरों को उतार दिया. जेसीबी मशीन लगवा कर बरदह में खेतों की जुताई कर दी. पुलिस का प्रयास रंग लाया और 22 एके-47 हथियार को जप्त किया गया.
साथ ही भारी मात्रा में एके-47 हथियार के पार्टस एवं सैकड़ों की संख्या में कारतूस बरामद किये गये. इस मामले में मुफस्सिल थाना में जहां पांच कांड दर्ज हैं. वहीं जमालपुर एवं कोतवाली थाना में एक-एक मामला दर्ज है. जबकि मुफस्सिल थाना कांड संख्या 323/18 को एनआईए के हवाले कर दिया गया. सात मामलों में 55 लोगों को नामजद किया गया है. जिसमें कई ऐसे भी हैं जिनका नाम बाद में कांड में जोड़ा गया है.
आधे दर्जन से अधिक अभियुक्तों ने बेल भी ले लिया है. किसी ने अग्रिम जमानत लिया तो किसी ने जेल में रहते हुए जमानत लिया. लेकिन फरार नामजद एवं अप्राथमिक अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान पूरी तरह से ठप हो गया है. जबकि आज भी कई कुख्यात तस्कर सलाखों से बाहर है. जबकि सफेदपोश भी अपने नेतागिरी के कारण पुलिस पकड़ से दूर है.
कहती हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने कहा कि एके-47 मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर फरार नामजद व अप्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा. साथ शेष बचे एके-47 हथियार की बरामदगी को लेकर भी अभियान चलेगा. न्यायालय में कांडों की स्थिति क्या है उसकी भी समीक्षा की जायेगी और आरोपियों को राहत नहीं मिल सके इसके लिए ससमय न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत किये जायेंगे.
शेष एके-47 हथियार खोजना चुनौती
एके-47 मामले में आयुध कारखाना जबलपुर में कार्यरत मध्यप्रदेश निवासी पुरुषोत्तम लाल रजक, सीनीयर स्टोर कीपर सुरेश ठाकुर, सेना का जवान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह निवासी मो नियाजुर रहमान उर्फ नियाजुल रहमान उर्फ मो गुलो उर्फ गुलशाद, उसका भाई मो शमशेर उर्फ वीरो ने रिमांड के दौरान पुलिस को बताया कि वर्ष 2012 से लेकर वर्ष 2018 के बीच लगभग 65 से 70 एके-47 हथियार मुंगेर लाया गया.
पुरुषोत्तम लाल ही हमेशा अपनी पत्नी के साथ जबलपुर से ट्रेन द्वारा हथियार पहुंचाता था. पुलिस ने 22 एके-47 हथियार तो बरामद कर लिया. लेकिन अब भी लगभग 50 एके-47 हथियार की बरामदगी होना बांकी है. 29 अगस्त 2018 को पहली बार व 26 दिसंबर 2018 को आखरी बार एके-47 बरामद हुआ था. लेकिन समय के साथ एके-47 में जांच की रफ्तार धीमी होती चली गयी.
तत्कालीन एसपी बाबू राम के तबादले के बाद एके-47 मामले में छानबीन की रफ्तार धीमी हो गयी. एसपी गौरव मंगला के समय में मात्र एक एके-47 हथियार बरामद हो पाया था. अब उनका भी तबादला हो गया है. नये एसपी के रूप में लिपि सिंह ने मुंगेर का पदभार लिया है. लेकिन शेष बचे एके-47 हथियार को खोज उनके लिए चुनौती भरा है.
एके-47 कब कहां से किया गया बरामद
29 अगस्त 2018: जमालपुर के जुबली वेल के पास तीन एके-47 के साथ मो इमरान को गिरफ्तार किया गया.
6 सितंबर 2018 : मिर्जापुर बरदह गांव में छापेमारी कर 3 एके-47 बरामद कर शमशेर आलम व रिजवाना बेगम को गिरफ्तार किया गया.
15 सितंबर 2018 : मिर्जापुर बरदह गांव में छापेमारी कर आमना खातून के घर के समीप जमीन के अंदर से दो एके 47 बरामद कर आमना खातून को गिरफ्तार किया गया.
28 सितंबर 2018 : एजाजुल रहमान के पुत्र तनवीर आलम को हजारीबाग से गिरफ्तार कर, उसके निशानदेही पर मिर्जापुर बरदह गांव के कुएं से 12 एके-47 बरामद किया गया.
23 नवंबर 2018 : अपराधियों को बेचा गया एके एके-47 तौफिर दियारा क्षेत्र से बरामद किया गया.
26 दिसंबर 2018 : पूरबसराय रेलवे स्टेशन के पास से 1 एके-47 बरामद किया गया.
21 अक्टूबर 2018 : पहली बार एनआईए की टीम मुंगेर पहुंची.
24 अक्टूबर 2018 : एनआईए की टीम ने मुफस्सिल थाना कांड संख्या 386/18 को किया टेकओवर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










